Headlines

PM मोदी-बालेन शाह की मुलाकात से क्या निकला? MEA ने 19 पॉइंट में बताया


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह ने सोमवार (23 नवंबर) को द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और शिक्षा सहयोग को नई दिशा देने के लिए कई ऐतिहासिक पहलों की घोषणा की. भारत ने नेपाल के विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपये ((24,000 करोड़ नेपाली रुपये)) के विशेष पैकेज समेत कई बड़े ऐलान किए. वहीं दोनों देशों के बीच 8 महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर भी हुए. दोनों प्रधानमंत्रियों ने सीमा पार संपर्क और बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.

1. अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा: दोनों नेताओं ने भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की नगरी जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई. इससे रामायण सर्किट के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए भी नए संपर्क मार्गों की संभावनाएं तलाशी जाएंगी.

2. हवाई मार्ग होगा दोतरफा: सिविल एविएशन सेक्टर में संपर्क बढ़ाने पर सहमति बनी है. इसके तहत मौजूदा काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बीB345) हवाई मार्ग, जो अभी एकतरफा है, उसे तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर दोतरफा बनाया जाएगा.

3. रक्सौल-काठमांडू रेल लाइन: प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रीफाइड ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के लिए फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा की गई. साथ ही नेपाल की ईस्ट-वेस्ट रेलवे परियोजना के विकास में भी भारत सहयोग करेगा.

4. नया मोटर पुल और आईसीपी (ICP): पश्चिमी नेपाल और भारत के बीच सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए भारत के धारचूला और नेपाल के दारचूला के बीच नए मोटर योग्य पुल का उद्घाटन किया गया. वहीं, बनबसा में नई इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) की आधारशिला रखी गई और भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में बन रही आईसीपी के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

ऊर्जा और हाइड्रोपावर क्षेत्र में बड़े कदम

1. पीएम मोदी और बालेन शाह ने मोतीहारी-अमलेखगंज तेल पाइपलाइन (MAPL) के दूसरे फेज को नेपाल की जनता को समर्पित किया. साथ ही नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई और सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन पर जल्द काम शुरू करने पर जोर दिया गया. इसके अलावा भारत और नेपाल के बीच गैस पाइपलाइन निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करने पर भी सहमति बनी.

2. दोनों प्रधानमंत्रियों ने 669 मेगावाट की लोअर अरुण हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी. साथ ही पंचेश्वर बिजली और सिंचाई परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) को जल्द अंतिम रूप देकर काम शुरू करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा, बाढ़ पर काबू पाने और पानी के बेहतर इस्तेमाल के लिए सप्तकोशी और सुनकोशी नदी परियोजनाओं की डीपीआर प्रक्रिया भी तेज की जाएगी.

3. भारत और नेपाल के बीच बिजली के लेन-देन को आसान बनाने के लिए दो बड़े बिजली नेटवर्क (ट्रांसमिशन लाइन) बिछाने पर काम तेज हुआ है. ये लाइनें नेपाल के इनरुवा से बिहार के पूर्णिया और नेपाल के दोदोधारा से उत्तर प्रदेश के बरेली के बीच बिछाई जाएंगी. दोनों देशों ने इस काम के लिए मिलकर बनाई जा रही साझेदारी में हुई प्रगति पर खुशी जताई है.

भारत ने नेपाल के विकास के लिए की कई बड़ी घोषणाएं 

1. नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास में मदद के लिए 15,000 करोड़ रुपये (24,000 करोड़ नेपाली रुपये) के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज का ऐलान किया गया.

2. शिक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत नेपाल में आईआईटी (IIT) का पहला विदेशी कैंपस स्थापित करेगा, जिससे उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा.

3. नेपाल के ट्रांजिट व्यापार को सुगम बनाने के लिए गुजरात के दीनदयाल पोर्ट (कांडला) के जरिए अतिरिक्त समुद्री पहुंच दी जाएगी. साथ ही जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने के बाद ओडिशा के पारादीप बंदरगाह का उपयोग भी नेपाल के लिए खोला जाएगा.

4. नेपाल के चितवन में एक एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किया जाएगा.

दोनों देशों के बीच हुए 8 अहम समझौते 

1. नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (गांधीनगर) और क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग.
2. भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी (NPA) के बीच सहयोग.
3. नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (भारत) और नेपाल एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाल के सिविल सेवकों के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण के लिए समझौता.
4. आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों सरकारों के बीच समझौता.
5. दक्षिण एशिया उपग्रह के उपयोग हेतु सैटेलाइट कम्युनिकेशन (SATCOM) नेटवर्क स्थापित करने के लिए इसरो (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच समझौता.
6. सतत शहरी विकास (Sustainable Urban Development) के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग के लिए समझौता.
7. भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग.
8. दोनों देशों के बीच पशुपालन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता.

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘आज लिए गए ये फैसले हर क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने वाले हैं. ये दिखाते हैं कि हमारे सपने बड़े हैं, हमारा इरादा मजबूत है और हम मिलकर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. इससे भारत और नेपाल की दोस्ती को नई ताकत और रफ्तार मिली है.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *