Headlines

Gurnoor Brar: कौन हैं गुरनूर बराड़? भारत की टेस्ट और वनडे सीरीज में कैसे मिली जगह? जानें संघर्ष की कहानी


Who is Gurnoor Brar: गुरनूर बराड़ (Gurnoor Brar) को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है. इसके बाद सवाल तेज हो गया है कि आखिर गुरनूर हैं कौन और कैसे उन्हें भारत की टेस्ट और वनडे टीम में जगह मिली? यहां आपको संघर्ष से लेकर टीम इंडिया में आने तक, बराड़ के बारे में पूरी कहानी जानने को मिलेगी. 

कौन हैं गुरनूर बराड़?

तो आपको बता दें कि 25 साल के गुरनूर बराड़ का जन्म मई 2000 में पंजाब के मुक्तसर में हुआ था. शुभमन गिल ने गुरनूर को पेशेवर क्रिकेट तक पहुंचने में मदद की. गिल के बाद शिखर धवन की नजर उन पर पड़ी. इस तरह धीरे-धीरे पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले तेज गेंदबाज को पंजाब किंग्स तक पहुंचने में मदद मिली. अब वह टीम इंडिया तक पहुंच गए हैं. 

क्रिकेट नहीं, फुटबॉल खेलना था पसंद 

टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए गुरनूर बराड़ ने बताया कि उन्हें शुरुआत में क्रिकेट खेलना नहीं, बल्कि फुटबॉल खेलना पसंद था. वह फुटबॉल और टेनिस खेला करते थे. क्रिकेट वह सिर्फ मजे के लिए खेलते थे. 

दोस्त ने दी क्रिकेट में जाने की सलाह 

बराड़ ने बताया कि उनके एक दोस्त ने उन्हें सलाह देते हुए कहा कि क्रिकेट में ट्रायल दें क्योंकि लंबाई अच्छी है, जिसके चलते मैं अच्छा गेंदबाज बन सकता हूं. गुरनूर की लंबाई 6.5 फीट है. 

दोस्त की यह सलाह गुरनूर के लिए काफी फायदेमंद साबित हुई. दो साल बाद वह शुभमन गिल से मिले. यह उस वक्त की बात है जब गिल भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा थे. गिल को बराड़ की गेंदबाजी पसंद आई. इसके बाद गिल ने उन्हें मोहाली की डिस्ट्रिक्ट टीम में जगह दिलवाने में मदद की. यहां से पंजाब की अंडर-23 टीम में चुना गया. 

पंजाब किंग्स की पड़ी नजर 

2021 में पंजाब के लिए लिस्ट-ए डेब्यू किया. अगले साल पंजाब के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. इसी दौरान उन पर पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी की नजर पड़ी. गुरनूर नेट बॉलर के रूप में पंजाब किंग्स से जुड़े. उस वक्त फ्रेंचाइजी के कप्तान शिखर धवन को बराड़ ने अपनी रफ्तार से इम्प्रेस किया. धवन ने कहा कि आपको टीम में होना चाहिए. इसके बाद वह पंजाब के साथ अंगद बावा के रिप्लेसमेंट के रूप में जुड़े. 

2023 में पंजाब के लिए खेलते हुए आईपीएल डेब्यू किया. हालांकि पहला मैच बराड़ के लिए कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने सिर्फ 3 ओवर में 42 रन खर्चे. इसके बाद अब तक उन्हें दोबारा आईपीएल मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिल सका है. 

आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट न होने पर गिल की बात मानते हुए बराड़ 2024 में गुजरात टाइटंस के  साथ नेट बॉलर के रूप में जुड़े. फिर 2025 में गुजरात ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीद लिया और 2026 में भी फ्रेंचाइजी ने बराड़ को रिटेन किया है. 

गुरनूर बराड़ का करियर 

बात करें गुरनूर बराड़ के करियर की, तो अब तक उन्होंने 18 फर्स्ट क्लास, 9 लिस्ट-ए और 9 टी20 मुकाबले खेल लिए हैं. फर्स्ट क्लास की 28 पारियों में गेंदबाजी करते हुए बराड़ ने 52 विकेट लिए हैं. इसके अलावा लिस्ट-ए की 9 पारियों में 12 विकेट और टी20 की 9 पारियों में 10 विकेट लिए हैं. 

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं मानव सुथर? अफगानिस्तान टेस्ट के लिए टीम इंडिया में मिली जगह, एक मैच में 11 विकेट लेकर मचाई तबाही



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *