भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को चेतावनी दी कि मध्य भारत में मई के आखिर तक लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों के दौरान केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
केरल कब तक पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के कुछ हिस्सों और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के अलावा अंडमान सागर के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ गया है. पूर्वानुमान के अनुसार केरल में मानसून 26 मई तक पहुंचने की संभावना है, जिसमें 4 दिनों की देर हो सकती है हालांकि मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 1 जून है.
ब्रह्मपुरी में 47.2 डिग्री पारा रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालय को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. विदर्भ के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में 29 मई तक लू चलने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 29 मई तक लू चलने की आशंका है और कुछ इलाकों में 27 मई तक भीषण लू चलने की आशंका है. राजस्थान के कई इलाकों में भी 29 मई तक लू चलने की संभावना है.
कहां-कहां लू की चेतावनी?
तेलंगाना के कुछ इलाकों में 26 मई तक, पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में 25 मई तक, बिहार में 24 मई तक इसके अलावा ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 27 मई तक लू चलने की संभावना है. पश्चिम बंगाल में 24 मई, ओडिशा में 27 मई और तटीय आंध्र प्रदेश और में 24 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज पहाड़ी इलाकों में आंधी-तूफान के कारण तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है.
ये भी पढ़ें
