उत्तर प्रदेश गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कार से जा रही गाजियाबाद की मेयर ने दो बच्चों को कुछ सामान हिंडन नदी में फेंकते देखा. मेयर रुकी और उन्होंने बच्चों से पूछा कि इसमें क्या है तो उन्होंने उसको गोमांस बताया. दोनों बच्चे मदरसे जामिया कनावनी के छात्र है. इसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची. इस दौरान मेयर पुलिस पर भी भड़की और कहा कि अगर इनको छोड़ दिया तो पूरा थाना सस्पेंड करवा देंगी.
इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,उधर पुलिस ने पकड़े गए मांस के सैम्पल लेकर जांच को भेजें हैं और इमाम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जबकि स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर आक्रोश जताया है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक मेयर सुनीता दयाल अपनी कार से इंदिरापुरम के कनावनी के पास बने हिंडन बैराज से गुजर रहीं थीं. उन्होंने प्लास्टिक के कट्टे में कुछ सामान दो बच्चों को नदी में फेंकते देखा. जिसके बाद उन्होंने रोका और पूछा, जब बच्चों ने बताया कि इसमें गाय का मांस है. तो मेयर ने वीडियो बनाते हुए पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ शुरू की, मेयर ने स्थानीय पुलिस से नाराजगी जताई और कहा कि अगर आरोपी छूटे तो पूरा थाना सस्पेंड करवा दूंगी. मेयर ने कहा कि स्थानीय लोगों ने पहले इस तरह की घटना होना बताया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में पुलिस ने बताया की जो मांस फेंका जा रहा था, उसको कब्जे में ले लिया है उसका सेंपल जांच के लिए भेजा गया है. साथ ही जिस मदरसे का जिक्र बच्चों ने किया था उसके इमाम को हिरासत में ले लिया गया है. एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
