मुंबई के वाकोला पुलिस थाना की आतंकवाद विरोधी टीम (एटीसी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केन्या के एक नागरिक को हिरासत में लिया है, जो पिछले लगभग 25 सालों से भारत में अवैध रूप से रह रहा था. यह कार्रवाई शुक्रवार (29 मई 2026) को गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
साल 2000 में वीजा समाप्त के बाद भी भारत में रह रहा था विदेशी
पुलिस को सूचना मिली थी कि सांताक्रूज पूर्व स्थित वाकोला मस्जिद के पास बिस्मिल्ला सैदी चॉल में एक विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रह रहा है. सूचना के आधार पर एटीसी टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान ओसिनो एंथोनी ओमांडी (61 वर्ष) के रूप में की गई, जो केन्या का नागरिक है.
पुलिस द्वारा पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि ओमांडी का वीजा साल 2000 में ही समाप्त हो गया था. इसके बावजूद वह बिना किसी वैध अनुमति के भारत में रह रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि उसने स्वयं को केन्या का नागरिक स्वीकार किया है. पुलिस ने उसके पास से केन्या की नागरिकता और पासपोर्ट संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वह पिछले 25 सालों से वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से निवास कर रहा था.
Maharashtra: 40 डिग्री की तपिश में अनशन पर बैठे मनोज जरांगे, मराठा आरक्षण को लेकर सरकार को दी चुनौती
विदेशी नागरिक को वापस डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू
वाकोला पुलिस ने विदेशी नागरिक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही उसे भारत से हद्दपार (डिपोर्ट) करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई विदेशी नागरिक पंजीकरण अधिकारी तथा पुलिस उपायुक्त (विशेष शाखा-2) के माध्यम से की जा रही है.
यह कार्रवाई वाकोला पुलिस थाना के आतंकवाद विरोधी पथक द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से भारत में रहने के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.
Mumbai News: मुंबई में जर्जर इमारतों पर रेड अलर्ट!, मानसून की बारिश से पहले प्रशासन ने जारी की लिस्ट
