Headlines

मुजफ्फरपुर हादसा: घायल मरीजों को देखने पहुंचे निशांत कुमार, बोले- ‘राज्य सरकार…’


मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में गुरुवार (04 जून, 2026) तड़के आग लग गई जिसके चलते पांच मरीजों की मौत हो गई. वहीं इस हादसे में कई मरीज घायल हो गए जिनका इलाज चल रहा है. पटना के मेदांता अस्पताल में भी तीन मरीज भर्ती हैं जिन्हें देखने के लिए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार (Bihar Health Minister Nishant Kumar) गुरुवार (04 जून, 2026) की रात पहुंचे.

गुरुवार की सुबह निशांत कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे. हालांकि इस दौरे को बीच में ही छोड़कर शाम में वे पटना लौट आए. पटना पहुंचने के बाद वे स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि के साथ मेदांता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना.

हरसंभव सहयोग का निशांत ने दिया भरोसा

निशांत कुमार ने मुजफ्फरपुर हादसे में घायल हुए मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए.

यह भी पढ़ें- बिहार: मुजफ्फरपुर की घटना पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहली प्रतिक्रिया, ‘इस हादसे से…’

निशांत ने कहा, “राज्य सरकार इस घटना में घायल सभी मरीजों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है. घायलों के इलाज पर होने वाला संपूर्ण खर्च बिहार सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े.”

स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी: निशांत कुमार

उन्होंने कहा कि मरीजों के बेहतर उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है. राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक प्रभावित मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो.

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में चिकित्सकों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्परता के साथ सुनिश्चित की जाएं.

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर की घटना पर सम्राट सरकार के खिलाफ JDU? पार्टी का बड़ा बयान- ‘आखिर इसकी…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *