Credit Card: आज के समय में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. शॉपिंग से लेकर ऑनलाइन पेमेंट तक, हर जगह लोग कार्ड का यूज कर रहे हैं. लेकिन अगर आपका क्रेडिट कार्ड चोरी हो जाए या कहीं गुम हो जाए, तो कुछ ही मिनटों में काफी ज्यादा नुकसान हो सकता है. ऐसी में घबराने के बजाय तुरंत सही कदम उठाना सबसे जरूरी है. अगर पहले एक घंटे के भीतर कुछ जरूरी काम कर लिए जाएं, तो फ्रॉड, नुकसान और अनधिकृत ट्रांजैक्शन का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है.
1. कार्ड ब्लॉक करें
जैसे ही आपको पता चले कि कार्ड गायब या चोरी हो गया है तो सबसे पहले उसे ब्लॉक कर दें. लगभग सभी बैंक अपने मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग और कस्टमर केयर के जरिए कार्ड ब्लॉक करने की सुविधा देते हैं. कार्ड ब्लॉक होते ही उससे कोई नया ट्रांजैक्शन नहीं किया जा सकेगा. इसलिए इसमें बिल्कुल भी देरी नहीं करनी चाहिए.
Gold में निवेश करें या FD में? रुपए की कमजोरी के इस दौर में कौन सा एसेट देगा सबसे तगड़ा रिटर्न?
2. बैंक को सूचना दें
कार्ड ब्लॉक करने के बाद बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके चोरी या गुम होने की जानकारी दें. बैंक को सूचना देने का रिकॉर्ड आपके लिए बाद में काम आ सकता है. अगर कोई संदिग्ध ट्रांजैक्शन होता है, तो जांच के दौरान यह साबित करना आसान होगा कि आपने समय रहते बैंक को जानकारी दे दी थी.
3. ट्रांजैक्शन चेक करें
मोबाइल बैंकिंग ऐप या क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट खोलकर हाल के ट्रांजैक्शन की जांच करें. अगर कोई ऐसा भुगतान दिखे जो आपने नहीं किया है, तो तुरंत बैंक को इसकी शिकायत करें. कई बार कार्ड चोरी होने के बाद चोर पहले छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन करके कार्ड की जांच करते हैं.
4. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कार्ड हटाएं
अगर आपका कार्ड Amazon, Flipkart, Swiggy, Zomato, Ola, Uber और किसी दूसरे ऐप पर सेव है, तो वहां से कार्ड को तुरंत हटा दें. कई मामलों में कार्ड चोरी होने के बाद सेव्ड कार्ड के जरिए भी ट्रांजैक्शन करने की कोशिश की जाती है. इसलिए यह कदम भी बेहद जरूरी है.
फ्लैट की चाबी नहीं मिली, लेकिन EMI जारी है? जानिए बिल्डर की देरी पर आपके क्या हैं अधिकार
5. नए कार्ड का आवेदन करें
कार्ड ब्लॉक होने के बाद बैंक से नया क्रेडिट कार्ड जारी करने का अनुरोध करें. अधिकांश बैंक कुछ दिनों के भीतर नया कार्ड जारी कर देते हैं. नया कार्ड मिलने के बाद पुराने कार्ड की सभी सुविधाएं सुरक्षित रूप से फिर शुरू हो जाती हैं.
फ्रॉड से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- कार्ड की फोटो मोबाइल में खुली न रखें
- OTP किसी के साथ साझा न करें
- संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
- SMS और ईमेल अलर्ट हमेशा चालू रखें
- समय-समय पर कार्ड स्टेटमेंट की जांच करते रहें
देरी करना पड़ सकता है महंगा
कार्ड चोरी होने के बाद शुरुआती 60 मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं. जितनी जल्दी कार्ड ब्लॉक किया जाएगा, फ्रॉड की संभावना उतनी ही कम होगी. इसलिए अगर आपका क्रेडिट कार्ड कभी चोरी हो जाए या खो जाए, तो घबराने की बजाय तुरंत कार्रवाई करें. आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपको हजारों रुपये के नुकसान से बचा सकती है.
