गुजरात की मांजलपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने सतीशभाई गोविंदभाई पटेल को प्रत्याशी बनाया है. बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मांजलपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए सतीशभाई गोविंदभाई पटेल के नाम पर मुहर लगाई.
योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई मंजलपुर सीट
बीजेपी के वरिष्ठ विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है. मांजलपुर विधानसभा की सीट पर लंबे वक्त से बीजेपी का ही कब्जा रहा है. दिवंगत नेता योगेश पटेल पाटीदार समुदाय से आते थे. 2022 के विधानसभा चुनावों में योगेश पटेल ने बड़े अंतर से एकतरफा जीत हासिल की थी.
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने गुजरात में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव 2026 के लिए मंजलपुर से श्री सतीशभाई गोविन्दभाई पटेल के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/ibogxnpVwF
— BJP (@BJP4India) July 9, 2026
30 जुलाई को वोटिंग और 3 अगस्त को नतीजे
वडोदरा की मांजलपुर सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया 6 जुलाई से ही जारी है. भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 30 जुलाई को मतदान होगा. 13 जुलाई नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है. नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई है. उपचुनाव के परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे.
मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश का मिलेगा लाभ
चुनाव आयोग ने 6 जुलाई को अधिसूचना जारी करते हुए संबंधित राज्यों को मतदान वाले निर्वाचन क्षेत्रों में सवैतनिक अवकाश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. चुनाव आयोग ने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135बी के अनुसार, किसी भी व्यवसाय, व्यापार, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य प्रतिष्ठान में कार्यरत हर व्यक्ति, जो उपचुनाव में मतदान करने का पात्र है को मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा और वेतन में कोई कटौती नहीं की जाएगी.
गुजरात में मंजलपुर के अलावा देश में दो और विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं. मध्य प्रदेश में दतिया और बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होने हैं. गुजरात की मांजलपुर सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. गुजरात में अगले साल नवंबर में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं.
