How To Clean LED Bulbs For More Light: अगर आपको लग रहा है कि घर के बल्ब की रोशनी पहले जैसी नहीं रही और कमरा पहले की तुलना में ज्यादा अंधेरा नजर आने लगा है, तो हर बार नया बल्ब खरीदने की जरूरत नहीं होती. कई बार इसकी वजह सिर्फ बल्ब पर जमी धूल होती है. खासकर आजकल इस्तेमाल होने वाले एलईडी और सीएफएल बल्ब सालों तक चलते हैं, इसलिए उन पर धीरे-धीरे धूल की मोटी परत जमने लगती है, जिससे उनकी रोशनी कम दिखाई देने लगती है.
पहले के समय में इस्तेमाल होने वाले इनकैंडेसेंट बल्ब करीब 1,000 घंटे तक ही चलते थे. ऐसे में वे खराब होकर बदल दिए जाते थे और धूल जमने का ज्यादा मौका नहीं मिलता था। लेकिन आज के एलईडी बल्ब करीब 25,000 घंटे यानी लगभग 25 साल तक चल सकते हैं. इतने लंबे समय में उन पर धूल जमा होना बिल्कुल सामान्य है.
कैसे कर सकते हैं सफाई?
एक्सपर्ट के अनुसार, धूल से ढके बल्ब साफ बल्ब की तुलना में करीब 50 प्रतिशत तक कम रोशनी दे सकते हैं. खास बात यह है कि बिजली की खपत उतनी ही रहती है, लेकिन धूल की वजह से रोशनी कम महसूस होती ह.। इसलिए अगर घर के किसी कमरे में अचानक रोशनी कम लगने लगे, तो पहले बल्ब की सफाई करके जरूर देखें. बल्ब साफ करने से पहले सबसे जरूरी बात यह है कि जिस कमरे का बल्ब साफ करना है, वहां का स्विच या लैंप बंद कर दें. अगर बल्ब कुछ देर पहले जल रहा था, तो उसे पूरी तरह ठंडा होने दें. हालांकि एलईडी बल्ब पुराने बल्बों की तुलना में कम गर्म होते हैं, फिर भी उन्हें ठंडा होने के बाद ही छूना सुरक्षित रहता है.
इसे भी पढ़ें- पोछा लगाते समय पानी में मिलाएं ये चीजें, सीसे की तरह चमक उठेगा घर का कोना-कोना
बल्ब की पूरी सतह को हल्के हाथों से साफ करें
अब एक साफ और सूखा माइक्रोफाइबर कपड़ा, डस्टिंग ग्लव या हैंड डस्टर लें और बल्ब की पूरी सतह को हल्के हाथों से साफ करें. इससे धूल आसानी से हट जाएगी और बल्ब की रोशनी पहले से बेहतर नजर आने लगेगी. अगर बल्ब किचन में लगा है और उस पर धूल के साथ चिकनाई भी जम गई है, तो पहले उसे होल्डर से निकाल लें. इसके बाद हल्के गीले कपड़े से सिर्फ उस हिस्से को साफ करें, जहां से रोशनी निकलती है. सफाई के बाद बल्ब को पूरी तरह सूखने दें और तभी दोबारा फिट करें.
कम से कम दो बार जरूर साफ करें
अक्सर लोग घर की सफाई करते समय सिर्फ फर्नीचर और दूसरी सतहों की धूल हटाते हैं, लेकिन बल्बों की सफाई भूल जाते हैं. कोशिश करें कि घर के सभी बल्ब, यहां तक कि ऊंचाई पर लगे बल्ब भी, साल में कम से कम दो बार जरूर साफ करें. इससे उनकी रोशनी बेहतर बनी रहती है और बिना अतिरिक्त बिजली खर्च किए घर ज्यादा रोशन दिखाई देता है.
इसे भी पढ़ें- किचन सिंक से टपक रहा पानी तो अपनाएं ये ट्रिक्स, बिना प्लंबर के मिनटों में होगा ठीक
