Headlines

झारखंड में जमीन विवाद पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया युवक, 40 प्रतिशत शरीर झुलसा


झारखंड के गिरिडीह जिले में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. भरकट्टा ओपी क्षेत्र के बाराडीह गांव में विवादित जमीन पर खूंटा गाड़ने के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई. देखते ही देखते एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.

घटना के अनुसार, सहोदर यादव विवादित जमीन पर खूंटा गाड़ रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के मनोज यादव, सिकंदर यादव, यमुना यादव समेत अन्य लोग वहां पहुंच गए. जमीन के स्वामित्व को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने सहोदर यादव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. उनके कपड़े तुरंत आग की चपेट में आ गए और वह जोर-जोर से चीखने लगे.

गिरिडीह में 22 करोड़ की लागत से बना अस्पताल, लेकिन 2 साल बाद भी एक डॉक्टर नहीं, परेशान हो रहे मरीज

30-40 प्रतिशत शरीर झुलसा  

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और सहोदर यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार उनके शरीर का करीब 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है. फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

पीड़ित परिवार का आरोप  

पीड़ित सहोदर यादव ने आरोप लगाया कि वह शांतिपूर्वक जमीन पर खूंटा गाड़ रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले विवाद किया और फिर उन पर पेट्रोल डालकर जानबूझकर आग लगा दी. पीड़ित के परिजनों ने घटना की तीखी निंदा की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस जांच में जुटी  

घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस भारी बल के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है.

Giridih News: झारखंड की महिला नक्सली अनिता किस्कू ने किया सरेंडर, सरकार की पुनर्वास योजना से हुईं प्रभावित



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *