Headlines

वाराणसी: जनता के बीच पहुंच रहे विधायक नीलकंठ तिवारी, चलाया स्वच्छता अभियान


वाराणसी दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के तहत लगातार वार्डों का दौरा कर रहे हैं. अभियान के सातवें दिन शनिवार (25 जुलाई) को उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गोला दीनानाथ वार्ड में स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, क्षेत्र भ्रमण और वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए.

विधायक ने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता बनाए रखने और जनहित के कार्यों में सहभागिता की अपील की. अभियान के तहत वह प्रत्येक वार्ड में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं. पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड प्रवास का कार्यक्रम 4 वर्षो से चल रहा है. 

हर रविवार लगेगी जन चौपाल

76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान की कड़ी में रविवार  (26 जुलाई 2026) को कबीर नगर स्थित सामुदायिक भवन में जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा. इस जन चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने विभागों के काउंटर लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे. 

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि वार्ड प्रवास कार्यक्रम के तहत प्रत्येक रविवार को जन चौपाल आयोजित की जा रही है, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल सके. शिविर में विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन और सत्यापन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. जन चौपाल के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्रीय समस्याओं का तुरंत निपटारा करने का प्रयास किया जा रहा है.

हर वार्ड में तीन से चार बार होगा भ्रमण

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड का तीन से चार बार भ्रमण करने की योजना बनाई है, ताकि क्षेत्र की कोई भी समस्या छूटने न पाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच सके. रविवार को आयोजित शिविरों में नए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक भी लिया जा रहा है. 

यह अभियान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक संचालित किया जा रहा है. 19 जुलाई को सूर्यकुंड वार्ड से प्रारंभ हुआ यह 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक चलेगा. अभी तक सूर्यकुंड, कमल गढ़हा, कोनिया, पियरी कला, माँ बागेश्वरी, राजघाट, गोला दीनानाथ का वार्ड प्रवास पूरा हो चुका है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *