आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल (Yash Dayal) अगले सीजन से पहले दूसरी टीम का हाथ थाम लेंगे. यश ने आईपीएल 2025 के बाद प्रतियोगी क्रिकेट नहीं खेला है. उन पर यौन उत्पीड़न से संबंधित आरोप लगे थे. घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलने वाले यश दयाल की टीम बदलने को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है.
आगामी घरेलू सीजन 2026-27 (Domestic Season 2026-27) में यश उत्तर प्रदेश की बजाय छत्तीसगढ़ के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. उन्होंने इसके लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) से मांगा है. उन्होंने इस बदलाव को लेकर खुद खुलासा किया.
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए यश दयाल ने कहा, “मैंने UPCA में NOC के लिए अप्लाई कर दिया है. अगले महीने से पहले छत्तीसगढ़ टीम का फिटनेस कैंप ज्वाइन करूंगा और आगामी घरेलू सीजन में छत्तीसगढ़ के लिए खेलूंगा.”
उत्तर प्रदेश क्रिकेट का साथ छोड़ने पर यश भावुक भी नजर आए. उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के लिए खेलना और रणजी में टीम का प्रतिनिधत्व करना बहुत खास और गर्व की बात रही. यूपी क्रिकेट एसोसिएशन मेरे दिल के बहुत करीब रहा. यूपी से मुझे पहचान मिली. मैंने आईपीएल में खेला और टीम इंडिया के लिए भी सिलेक्ट हुआ. जो कुछ भी मैंने हासिल किया उसमें यूपीसीए का बहुत योगदान रहा.”
यश ने आगे कहा, “एक क्रिकेटर के रूप में कोई भी अपनी जिंदगी में ऐसे फेज से नहीं गुजरना चाहता है जिससे उसकी जिंदगी हिल जाए. लेकिन क्रिकेट ने मुझे सिखाया कि वापसी करके कैसे परफॉर्म करना है. मैंने अपनी मुश्किलों से नहीं भागा.”
उत्तर प्रदेश के लिए यश दयाल का करियर
यश ने 2018 से 2025 तक उत्तर प्रदेश के लिए खेला. इस दौरान उन्होंने 27 फर्स्ट क्लास, 23 लिस्ट-ए और 71 टी20 मैच खेले. फर्स्ट क्लास की 50 पारियों में उन्होंने 84 विकेट लिए. लिस्ट-ए की 22 पारियों में 36 विकेट लिए. बाकी टी20 की 71 पारियों में 66 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के लिए टीम इंडिया का दोहरा व्यवहार! उठे ‘गंभीर’ सवाल
