Headlines

BCCI ने अचानक बदला IPL 2026 का शेड्यूल, चेन्नई सुपर किंग्स के मैचों की बदली तारीख


IPL 2026 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया गया है. अहमदाबाद के आगामी नगर निगम चुनावों के चलते आईपीएल 2026 2 मैचों के वेन्यू और समय में बदलाव किया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जानकारी देकर बताया कि अहमदाबाद के नगर निगम चुनावों के चलते 26 अप्रैल, 2026 के दिन होने वाला चेन्नई सुपर किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच अब चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा.

ये हुए बदलाव

दरअसल 26 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस का मैच अहमदाबाद में होने वाला था. मगर 26 अप्रैल को होने वाले नगर निगम चुनावों के चलते इसका वेन्यू बदलकर चेन्नई कर दिया गया है. 26 अप्रैल को यह मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा.

दूसरी ओर 21 मई को इन्हीं दोनों टीमों का मैच चेन्नई में खेला जाना था, लेकिन उसका वेन्यू बदलकर अहमदाबाद हो गया है. 21 मई को चेन्नई बनाम गुजरात मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा.

IPL 2026 में इन दोनों मुकाबलों के अलावा किसी अन्य मैच का शेड्यूल नहीं बदला है. आपको याद दिला दें कि इससे पहले BCCI ने दो अलग-अलग चरणों में टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी किया था. पहले 12 अप्रैल तक का शेड्यूल जारी किया गया था. वहीं तमिलनाडु, असम और केरल में विधानसभा चुनावों की तारीख सामने आने के बाद बाकी का शेड्यूल जारी किया गया था.

आईपीएल 2026 में अभी तक पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो राजस्थान रॉयल्स अपने चारों मैच जीतकर टॉप पर बनी हुई है. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के लिए यह सीजन अब तक अच्छा नहीं रहा है. CSK 4 मैचों में केवल एक जीत दर्ज कर सकी है और वह पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है. वहीं गुजरात की टीम अभी पांचवें पायदान पर है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *