प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो संदेश जारी किया है. इस वीडियो में पीएम मोदी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल किए गए अपशब्दों को लेकर कहा कि मैं गाली देने वाले बच्चों को माफ करना चाहता हूं. उन्होंने कहा, ‘हाई फ्रेंड्स आज तो मन करता है आपसे ही बात करूं. जतंर मंतर पर जो कुछ भी हुआ, उसे देश और दुनिया ने देखा है. कुछ शरारती बच्चों ने मुझे भद्दी-भद्दी गालियां दी. किसी भी सभ्य समाज को शोभा न दे ऐसे शब्दों को प्रयोग किया गया. मुझे तो गाली दी गई मेरी स्वर्गीय माता को भी गाली दी गई. न जाने कितना भद्दा स्वरूप था, लेकिन मैं आज बात करना चाहता हूं कि बचपन में गलतियां होती है और बचपन में गलतियों से सुधरने का अवसर भी होता है.’
मैं बच्चों को माफ करना चाहता हूं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘इसे लेकर समाज के अंदर जो आक्रोश है उसे मैं भली-भांति समझ सकता हूं. कल्चरल शॉक है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती है, लेकिन समय है इन बच्चों को गले लगाकर के राह दिखाने का. ये गुमराह बच्चे हैं. उनको राह दिखाना हमारा काम है. उनको सजा दिलाना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करना इससे हम परिस्थितियां नहीं बदल पाएंगे. मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं.’
ये बच्चे हमारे ही हैं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘समाज भी मेरे इस बात को स्वीकार करे क्योंकि मेरे मन में एक ही भाव है. कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है. खून निकल आता है, लेकिन हम दांत तोड़ते नहीं हैं क्योंकि दांत भी हमारे हैं जीभ भी हमारी है. बच्चे भी हमारे हैं. उन्हें राह दिखाना हमारा काम है. गुमराह को राह दिखाना कठिन होता है, लेकिन ये कठिन काम हमें करना है और इसलिए मैं इन बच्चों को कहता हूं बच्चों आओ हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें. कुछ नया सीखें. गलतियों से भी सीखें. अपने सपनों को लेकर चल पड़ें.’
उन्होंने कहा, ‘देश बहुत आगे बढ़ रहा है. आगे बढ़ने वाला है ओर आपका भी आगे बढ़ना निश्चित हो यही मेरा सपना है. मैं आपके लिए जीता हूं. आपके उज्वल भविष्य के लिए खपता हूं. आओ हम मिलकर देश को आगे बढ़ाएं. बस आओ गलतियों से सीखो. आगे बढ़े.’
