देहरादून की चर्चित शिक्षिका सृष्टि कंडारी दहेज हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है. दहेज हत्या के आरोपों की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा. पुलिस को जांच के दौरान मृतका का एक वीडियो भी मिला है, जिसे मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को मृतका की मां सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि नवंबर 2025 में सृष्टि कंडारी की शादी सौरभ खत्री से हुई थी. विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहा था और इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या कर दी गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पर लगाम, अब कटेगा चालान
एसएसपी ने बनाई थी विशेष जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने जांच की जिम्मेदारी डोईवाला क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा को सौंपते हुए विशेष टीम गठित की थी. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए और उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया.
जांच के दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया. पुलिस के अनुसार, इस वीडियो में सृष्टि कंडारी ने शादी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी. पुलिस इस वीडियो समेत अन्य डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है.
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी
जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 01 अगस्त 2026 को मामले में नामजद आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है.
देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा हटाने को लेकर विवाद, DM-SP ने दी अहम जानकारी
