तकनीक की दुनिया तेजी से बदल रही है और अब सीखने का तरीका भी बदल रहा है. ऑफिस में काम करने वाले पेशेवर अब घर बैठे देश के बड़े संस्थान से नई तकनीक सीख सकेंगे. इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आईआईटी खड़गपुर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और टेक्नोलॉजी लीडरशिप से जुड़े चार ऑनलाइन एग्जीक्यूटिव कोर्स शुरू करने की घोषणा की है.
खास बात यह है कि ये कोर्स खास तौर पर कामकाजी पेशेवरों के लिए बनाए गए हैं, ताकि वे अपनी नौकरी जारी रखते हुए नई तकनीक में महारत हासिल कर सकें. अब कैंपस में आए बिना भी आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसरों से लाइव ऑनलाइन क्लास के जरिए पढ़ाई संभव होगी.
कौन-कौन से कोर्स शुरू हुए?
- जेनरेटिव AI और एजेंटिक AI में एग्जीक्यूटिव पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट
- AI-नेटिव सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग
- एप्लाइड AI और मशीन लर्निंग
- टेक्नोलॉजी और AI लीडरशिप में एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम
इन कोर्स को संस्थान के अलग-अलग विभागों द्वारा तैयार किया गया है, जिनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग, AI विभाग और पार्थ घोष स्कूल ऑफ लीडरशिप शामिल हैं. पाठ्यक्रम इस तरह बनाया गया है कि छात्र केवल सिद्धांत ही नहीं, बल्कि असली दुनिया में AI के उपयोग को भी समझ सकें. बड़े लैंग्वेज मॉडल (LLM), जेनरेटिव सिस्टम और एजेंट आधारित तकनीक जैसे विषयों पर खास ध्यान दिया जाएगा.
कैसे होगी पढ़ाई?
सभी कक्षाएं लाइव ऑनलाइन होंगी. यानी छात्र सीधे आईआईटी खड़गपुर के शिक्षकों से जुड़ सकेंगे. पढ़ाई का तरीका ऐसा रखा गया है कि कामकाजी लोग अपने समय के अनुसार सीख सकें. यह कदम संस्थान की उस सोच को दिखाता है, जिसमें वह कैंपस से बाहर भी अपनी शिक्षा पहुंचाना चाहता है.
किन लोगों के लिए हैं ये कोर्स?
ये कोर्स सॉफ्टवेयर इंजीनियर, मशीन लर्निंग से जुड़े पेशेवर, टेक्नोलॉजी और बिजनेस से जुड़े लोग और डिजिटल सिस्टम में काम कर रहे अनुभवी लोगों के लिए हैं. जिनके पास पहले से तकनीकी अनुभव है, उनके लिए यह कोर्स नई ऊंचाई पर पहुंचने का मौका बन सकता है.
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट online.iitkgp.ac.in पर जाएं.
- अपनी पसंद का कोर्स चुनें और ‘Apply’ पर क्लिक करें.
- एक वैध ईमेल आईडी से रजिस्ट्रेशन करें और अपनी पढ़ाई व कार्य अनुभव की जानकारी भरें.
- आवेदन जमा होने के बाद संस्थान की टीम उसे देखेगी.
- चुने गए उम्मीदवारों को ईमेल के जरिए सूचना और ऑफर लेटर भेजा जाएगा.
- सीट पक्की करने के लिए पहले एक तय शुल्क जमा करना होगा.
- इसके बाद दस्तावेज जमा कर बाकी फीस तय समय में देनी होगी.
यह भी पढ़ें –INDIAN BANK Vacancy 2026: इंडियन बैंक में ऑफिसर पद पर निकली वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
