Headlines

चूरू में कार्यकर्ताओं पर नाराज हुए बेनीवाल, माइक फेंक छोड़ दिया मंच


राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सोमवार को चूरू जिले के तालछापर कस्बे में पार्टी के नए कार्यालय के उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे. 

बेनीवाल मंच से संबोधित कर ही रहे थे कि सभा में बैठे कुछ युवाओं ने लगातार नारेबाजी शुरू कर दी. बार-बार हो रही नारेबाजी से बेनीवाल का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने पहले युवाओं को कड़ी फटकार लगाई, फिर आयोजकों पर भी नाराजगी जताई और आखिर में मंच पर माइक फेंककर कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया.

डूंगरपुर: सरिए से पीट-पीटकर छोटे भाई की हत्या, आरोपी फरार

बेनीवाल ने आयोजकों की बताई गलती

बेनीवाल ने गुस्से में कहा, “यह आयोजकों की बहुत बड़ी गलती है. ऐसी जगह मेरे जैसे आदमी को नहीं बुलाना चाहिए, क्योंकि आपका स्तर इतना बड़ा नहीं है. आपको तो प्रधान-प्रमुख जैसे लोगों को बुलाकर भाषण करवाना चाहिए. रात को कौन घूमता है? मैं कोई खाली थोड़े ही हूं.”

इसके बाद उन्होंने नारेबाजी कर रहे युवाओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “शर्म है नहीं, बिल्कुल बेशर्म हो. लोग तुम्हें सड़कों पर मार रहे हैं, पीट रहे हैं, हर जगह मार रहे हैं, फिर भी समझदार नहीं बन रहे हो. ये स्कूल के बच्चों को क्यों पकड़कर लाए? यहां क्यों बिठाया है? ये बेशर्म बच्चे कहां से कामयाब होंगे? इनकी नौकरी नहीं लगेगी, ऐसे ही पूरे जीवन भटकेंगे.”

‘चलो… अब भाषण नहीं दूंगा’

इस दौरान बेनीवाल ने युवाओं की ओर इशारा करते हुए यह भी कहा, “तुमने नेता देखा है कि नहीं? पहले कार्यक्रम होने दो. अगर बात करनी है तो बाद में करना.” लेकिन जब शोर-शराबा बंद नहीं हुआ तो उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “चलो… अब भाषण नहीं दूंगा.”

इतना कहते ही बेनीवाल ने हाथ में पकड़ा माइक मंच पर फेंक दिया और बिना भाषण पूरा किए मंच से उतरकर रवाना हो गए. उनके अचानक कार्यक्रम छोड़ने से कुछ देर के लिए सभा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पार्टी पदाधिकारियों ने की हालात संभालने की कोशिश

पार्टी पदाधिकारियों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बेनीवाल जा चुके थे. यह कार्यक्रम शाम 6 बजे होना था. कार्यक्रम में तकरीबन पांच हजार की भीड़ भी थी. सांसद बेनीवाल 5 घंटे की देरी से रात 11 बजे के बाद यहां पहुंचे थे. 

इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मंच से बेनीवाल की नाराजगी, युवाओं को सुनाई गई खरी-खोटी और माइक फेंककर कार्यक्रम छोड़ने की घटना प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. यह घटनाक्रम अब राजनीतिक गलियारों में भी जमकर सुर्खियां बटोर रहा है.

जयपुर: राजपूत करणी सेना का उग्र प्रदर्शन, पुलिस का लाठीचार्ज



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *