माफिया अतीक अहमद के पांच बेटों में से सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है. प्रयागराज से झांसी जा रहे आबान अहमद की कार (गुरुवार, 6 अगस्त) की सुबह हादसे का शिकार हो गई. आबान अपने भाई अली से जेल में मिलने जा रहे थे. उनके साथ उनके तीन साथी और एक ड्राइवर, यानी कुल पांच लोग कार में मौजूद थे. बताया जा रहा है कि हादसा एक गाय के सामने आने की वजह से हुआ था, जिसमें आबान और उनके एक दोस्त की मौत हो गई. अब सवाल उठ रहा है कि क्या आबान अहमद की मां और अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन सामने आएंगी?
बेटे की मौत पर किसी भी मां के सामने यह सवाल खड़ा करना असंवेदनशील लग सकता है, लेकिन यहां यह सवाल इसलिए लाजिम है क्योंकि शाइस्ता परवीन तब भी सामने नहीं आई थीं जब उनके बड़े बेटे असद का एनकाउंटर हुआ था. शाइस्ता को तब भी नहीं देखा गया जब उनके पति अतीक अहमद और देवर अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. ऐसे में आबान की मौत के बाद शाइस्ता की मौजूदगी पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें: अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत, डिवाइडर से टकराई कार
2023 में असद और अतीक की मौत
13 अप्रैल साल 2023 को अतीक अहमद के तीसरे नंबर के बेटे असद का एनकाउंटर झांसी में ही हुआ था. उमेश पाल हत्याकांड के बाद से पुलिस को असद और एक और आरोपी मोहम्मद गुलाम की तलाश थी. दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम रखा गया था. इसके दो दिन बाद 15 अप्रैल को अतीक अहमद और छोटे भाई अशरफ को हमलावरों ने गोली मार दी थी. मीडिया से बात करते हुए लाइव कैमरा के सामने ही अतीक और अशरफ की हत्या कर दी गई थी. दोनों को रात में प्रयागराज पुलिस मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी. पत्रकारों से बातचीत के दौरान वहां पत्रकारों के ही वेश में आए तीन हमलावरों ने दोनों पर गोली चला दी थी.
डिवाइडर से टकराई थी कार
बताया जा रहा है कि गुरुवार 10-11 बजे के बीच यह हादसा हुआ था. अबान प्रयागराज से निकला था और झांसी जा रहा था. उसकी गाड़ी डिवाइडर से टकराई और दूसरे लेन में चली गई. हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाकी तीन की हालत नाजुक है. अस्पताल ले जाने के बाद अबान और दोस्त को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया.
भारी बारिश के बीच हुआ हादसा
दरअसल, उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. जिस रास्ते से ये लोग जा रहे थे, वहां भी भारी बरसात हो रही थी. अबान की कार की स्पीड भी 100 से ऊपर की बताई जा रही थी. रास्ते में गाय आने की वजह से यह हादसा हुआ है.
प्रयागराज से झांसी जाने के लिए थोड़ी दूर तक स्टेट हाईवे पड़ता है और इसके बाद एक्सप्रेसवे है. हादसा स्टेट हाईवे पर ही हुआ. जिस जगह पर यह हादसा हुआ है, वह झांसी जिले में एंटर करने के बाद हुआ है. झांसी शहर केवल 50 किलोमीटर दूर था. 40-50 मिनट में अबान झांसी पहुंच जाते.
यह भी पढ़ें: यूपी में CM योगी और उनके स्वजातियों से पीड़ित ब्राह्मण, धर्मेंद्र यादव का बयान
