Headlines

Firozabad News: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पत्नी के प्रेमी पर हत्या का आरोप, हुआ भारी हंगामा


उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला इलाके (थाना नगला सिंघी क्षेत्र) में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया. यहां एक 35 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से लटकता हुआ मिला. मृतक की पत्नी कुछ दिन पहले ही उसे और 3 बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी.

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने पत्नी के प्रेमी पर ही हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों ने कई घंटों तक हंगामा किया और शव को पेड़ से नहीं उतरने दिया.

3 मासूम बच्चों को छोड़ प्रेमी संग भागी थी पत्नी

जानकारी के मुताबिक, गढ़ी धर्मी निवासी रविन्द्र (35 वर्ष) पुत्र भीकम सिंह कुछ समय पहले अपना गांव छोड़कर गढ़ी भाऊ में मकान बनाकर रह रहा था और चूड़ी के कारखाने में काम करता था. इसी महीने 7 अप्रैल को उसकी पत्नी गौरी लांघी धीरपुरा निवासी अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. वह अपने तीन मासूम बच्चों, गगन (15 साल), सुमित (10 साल) और बेटी लता (7 साल) को पति के पास ही छोड़ गई थी. पत्नी के गायब होने के बाद से ही रविंद्र उसकी लगातार तलाश कर रहा था.

शव लटका देख मचा हड़कंप, परिजनों ने किया भारी हंगामा

सोमवार (13 अप्रैल) सुबह जब ग्रामीण खेत की तरफ शौच के लिए गए, तो उन्होंने रविंद्र का शव पेड़ से लटकता देखा. खबर फैलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का सीधा आरोप था कि पत्नी के प्रेमी ने ही रविंद्र की हत्या की है और पुलिस को गुमराह करने व इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया है. आक्रोशित ग्रामीण प्रेमी की गिरफ्तारी और एसएसपी (SSP) को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़ गए.

कई थानों की फोर्स तैनात, फोरेंसिक टीम ने की जांच

परिजनों द्वारा शव न उतारने देने पर हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाना पड़ा. नगला सिंघी थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने लोगों को काफी देर तक समझाया और पूरे मामले में निष्पक्ष व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए.

अधिकारियों का क्या कहना है?

टूंडला के सर्किल ऑफिसर (CO) अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि ग्रामीण और परिजनों को समझा-बुझाकर युवक के शव को पेड़ से उतरवा लिया गया है और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस को परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. परिजनों से तहरीर मिलते ही मुकदमा (FIR) दर्ज कर आगे की कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *