टीवी सीरियल्स के आने वाले एपिसोड्स में कई बड़े ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलने वाला है. कहीं रिश्तों में तनाव बढ़ेगा, तो कहीं साजिश और नए खुलासे कहानी को नया मोड़ देंगे. आइए जानते हैं ‘वसुधा’, ‘अनुपमा’, ‘तुम से तुम तक’, ‘गंगा माई की बेटियां’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के अपकमिंग एपिसोड में क्या खास होने वाला है.
‘वसुधा’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में परिवार का तनाव बढ़ता नजर आएगा. बड़े पुरस्कार को ठुकराने से दादी-सा काफी नाराज हैं. ऐसे में वसुधा और देव उन्हें मनाने की कोशिश करेंगे. दोनों चाहेंगे कि दादी-सा का गुस्सा शांत हो और परिवार में फिर से सबकुछ ठीक हो जाए. वहीं, दूसरी तरफ वसुधा के दुश्मन उसके खिलाफ खतरनाक साजिश रच रहे हैं. पंडित जी की भविष्यवाणी भी उसकी चिंता बढ़ा रही है.
https://www.youtube.com/watch?v=bKy9Lex51Pw
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के आने वाले एपिसोड में कुकिंग कॉम्पिटिशन ‘सपनों का स्वाद’ के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिलेगा. बवाल के बाद मीडिया अनुपमा को चारों तरफ से घेर लेगी और उससे तीखे सवाल पूछे जाएंगे, जिससे वो तनाव में आ जाएगी. इन सबके बीच अनुपमा का पूरा परिवार एक खास पूजा में शामिल होने पहुंचेगा. पूजा के दौरान परिवार के रिश्तों में नए बदलाव देखने को मिलेंगे और ड्रामा और भी बढ़ेगा.
‘तुम से तुम तक’
जी टीवी के शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में राजनांदिनी के अतीत को लेकर बड़ा मोड़ आएगा. अनु मीरा को कड़ी चेतावनी देगी और उससे अपनी चालें बंद करने के लिए कहेगी. वहीं, अनु आर्या से राजनांदिनी के कमरे की चाबी और उनकी तस्वीर दिखाने की जिद्द करेगी, लेकिन आर्या गुस्से में उसे ऐसा करने से मना कर देगा. हालांकि, अनु की बेचैनी को देखते हुए आर्या आखिरकार उसके लिए वो गुप्त दरवाजा खोल देगा, जिसके पीछे राजनांदिनी से जुड़े कई राज छिपे हैं.
https://www.youtube.com/watch?v=DVCjr_LqN3I
ये भी पढ़ें:- मुसलमान से शादी करके मोटी-भद्दी हो गई? ट्रोलिंग पर भड़कीं एक्ट्रेस, कहा- सेक्सी लड़कियां देखनी है तो…
‘गंगा माई की बेटियां’
टीवी शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में सोनी पर लगे झूठे आरोपों के बाद उसे कॉलेज से रस्टिकेट कर दिया जाएगा. अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए सोनी गुहार लगाएगी, लेकिन कॉलेज प्रशासन उसकी बात नहीं मानेगा. बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए गंगा माई और स्नेहा कॉलेज में धरने पर बैठ जाएंगी और असली दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी. वहीं, घर में भी विवाद बढ़ता नजर आएगा. दुर्गावती आरोप लगाएगी कि इनकम टैक्स की रेड के पीछे स्नेहा का हाथ था. इस आरोप से सिद्धू और स्नेहा के रिश्ते में भी तनाव बढ़ सकता है.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्मृति ईरानी के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के आने वाले एपिसोड में समाइरा और पराग की सगाई को लेकर बड़ा हंगामा देखने को मिलेगा. सिड और तृप्ति मिलकर सगाई रोकने की साजिश रचेंगे. वहीं, तुलसी गौतम और साहिल को शादी के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश करेगी और समाइरा से सिड के साथ अपने रिश्ते का सच बताने को कहेगी. दूसरी ओर, तृप्ति के बिजनेस में साहिल के शामिल होने से करण उससे नाराज है और उसने उसके नए वेंचर को फंड देने से इनकार कर दिया है.
