अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट इसी महीने अपना पद छोड़ देंगी. ट्रंप ने मंगलवार को इसकी घोषणा की. कैरोलिन लेविट ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले को ‘भावुक लेकिन जरूरी फैसला’ बताया.
उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे व्यस्त नौकरियों में से एक को संभालने के साथ मां की जिम्मेदारी निभाना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है. पद छोड़ने की वजह उन्होंने अपने दो छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने की इच्छा बताई है.
ट्रंप की वापसी के बाद से संभाल रही थीं जिम्मेदारी
कैरोलिन लेविट ने वर्ष 2025 में ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की जिम्मेदारी संभाली थी. वह इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनी थीं. हाल ही में उन्होंने अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कैरोलिन लेविट महीने के अंत में अपना पद छोड़ देंगी, ताकि वह अपने छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा समय बिता सकें. उन्होंने कहा कि वह कैरोलिन के इस फैसले को पूरी तरह समझते और सम्मान करते हैं.
‘मैं अपने बच्चों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे पा रही थी’
कैरोलिन लेविट ने कहा कि दुनिया की सबसे कठिन नौकरियों में से एक को संभालते हुए मां की भूमिका निभाना उनकी जिंदगी का सबसे संतोषजनक, लेकिन सबसे चुनौतीपूर्ण दौर रहा. उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म के बाद जब वह दोबारा व्हाइट हाउस लौटीं, तो उन्हें अंदर से महसूस हुआ कि प्रेस सचिव के पद के लिए जरूरी लगातार समय, ऊर्जा और ध्यान देते हुए वह अपने दोनों छोटे बच्चों के लिए वह मां नहीं बन पा रही हैं, जिसके वे हकदार हैं.
Serving as the White House Press Secretary over the past year and a half has been the honor and adventure of a lifetime. I am incredibly grateful to President Trump for granting me so many extraordinary opportunities, such as working in the West Wing and spending countless hours… https://t.co/4jyW61DGGh pic.twitter.com/xny1yccuBn
— Karoline Leavitt (@karolineleavitt) August 12, 2026
ट्रंप ने कैरोलिन को बताया रियल लीडर
ट्रंप ने अपने बयान में यह नहीं बताया कि व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव के तौर पर कैरोलिन लेविट की जगह कौन लेगा. हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि पद छोड़ने के बाद भी कैरोलिन उनके राजनीतिक दायरे से जुड़ी रहेंगी.
ट्रंप ने कहा कि कैरोलिन अब उनकी प्रमुख बाहरी सलाहकारों में शामिल रहेंगी और रिपब्लिकन पार्टी में उनकी प्रभावशाली आवाज बनी रहेंगी. उन्होंने कहा कि वह आगामी मध्यावधि चुनावों में इतिहास बदलने और निर्णायक जीत हासिल करने के प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
ट्रंप ने कैरोलिन को अपने सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक और रियल लीडर बताया. उन्होंने कहा कि 2018 से उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता और आजादी के लिए शानदार काम किया है. ट्रंप ने 2024 के अपने ऐतिहासिक दोबारा चुनाव अभियान में भी उनकी भूमिका की तारीफ की.
मई में दिया था दूसरे बच्चे को जन्म
मई में कैरोलिन लेविट ने बताया था कि उन्होंने अपने दूसरे बच्चे, बेटी विवियाना को जन्म दिया है. ट्रंप के खिलाफ कथित हत्या के प्रयास के बाद उन्होंने अपनी मातृत्व अवकाश की योजना टाल दी थी. यह घटना उस समय हुई थी जब एक बंदूकधारी ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में घुसने की कोशिश की थी.
ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी कर चुकी हैं काम
कैरोलिन लेविट ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान जूनियर प्रवक्ता के तौर पर काम किया था. इसके बाद वह 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में ट्रंप की प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हो गईं.
इससे पहले उन्होंने 2022 के चुनाव में न्यू हैम्पशायर से कांग्रेस का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी. इसके बाद वह ट्रंप की टीम में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहीं और 2025 में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव बनीं.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली फुकेत फ्लाइट में कब क्या हुआ ? पढ़ें पूरी पोस्ट फ्लाइट रिपोर्ट
