Headlines

Bihari Litti Chokha: घर पर कैसे बनाएं बिहार का फेमस लिट्टी चोखा? पढ़ें पूरी रेसिपी


Bihari Litti Chokha: बिहार की मिट्टी की खुशबू और वहां के जायके की बात हो और लिट्टी चोखा का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. सत्तू से भरी कुरकुरी लिट्टी और मसालेदार बैंगन-आलू के चोखे का यह कॉम्बिनेशन न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश में लोगों की पसंदीदा डिश बन चुका है. पारंपरिक रूप से इसे कंडे या लकड़ी की आंच पर सेंका जाता है, लेकिन आजकल घर पर तंदूर, ओवन या गैस पर भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की सरल विधि.

सामग्री

लिट्टी के आटे के लिए:

  • 2 कप गेहूं का आटा
  • 2 बड़े चम्मच घी (मोयन के लिए)
  • नमक स्वादानुसार
  • पानी आवश्यकतानुसार

यह भी पढ़ें: कैसे बनाते हैं कच्चे पपीते की चटनी, सेहत के साथ स्वाद का जायका

सत्तू भरने के लिए:

  • 1.5 कप चने का सत्तू
  • 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
  • 1 बारीक कटा प्याज
  • 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन कद्दूकस किया हुआ
  • 1 छोटा चम्मच अजवाइन
  • 1 छोटा चम्मच कलौंजी
  • नींबू का रस
  • बारीक कटी हरी धनिया
  • नमक स्वादानुसार

चोखे के लिए:

  • 2 बड़े बैंगन
  • 4 उबले आलू
  • 2 टमाटर (भुने हुए)
  • लहसुन की कलियां
  • हरी मिर्च
  • बारीक कटा प्याज
  • सरसों का तेल
  • नमक स्वादानुसार
  • हरा धनिया
  • बनाने की विधि

लिट्टी का आटा तैयार करें.

गेहूं के आटे में घी और नमक डालकर हाथ से अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम न हो, वरना लिट्टी बनाते समय टूट सकती है. आटे को गीले कपड़े से ढककर 20 से 25 मिनट के लिए रख दें.

सत्तू का मिश्रण तैयार करें.

एक बर्तन में सत्तू लें. इसमें सरसों का तेल, कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन, अजवाइन, कलौंजी, नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी छिड़क दें. ध्यान रखें कि सत्तू का मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न हो.

लिट्टी में सत्तू भरें और सेंकें.

आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. उंगलियों की मदद से इनके बीच में थोड़ा गड्ढा बनाएं और उसमें सत्तू का मिश्रण भर दें. अब आटे को चारों तरफ से बंद करके गोल आकार दे दें.

अगर घर पर तंदूर या कंडे की सुविधा नहीं है, तो ओवन को 200 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गर्म कर लें. इसके बाद लिट्टी को करीब 30 से 35 मिनट तक सेंकें. बीच-बीच में लिट्टी को पलटते रहें.

गैस पर लिट्टी बनाने के लिए जाली वाले स्टैंड का इस्तेमाल कर सकते हैं. लिट्टी को धीमी आंच पर घुमाते हुए तब तक सेंकें, जब तक वह हल्की भूरी और कुरकुरी न हो जाए. लिट्टी के अच्छी तरह सिक जाने के बाद उसे थोड़े गर्म घी में डुबो दें. इससे इसका स्वाद और अच्छा हो जाता है.

चोखा बनाएं.

बैंगन और टमाटर को सीधी गैस की आंच पर या ओवन में तब तक भूनें, जब तक उनका छिलका अच्छी तरह भुन न जाए. इसके बाद इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें और छिलका निकाल दें.

अब बैंगन और टमाटर को एक बर्तन में लें. इसमें उबले हुए आलू, कुटा हुआ लहसुन, हरी मिर्च, कटा हुआ प्याज, सरसों का तेल और नमक डालें. सभी चीजों को हाथ या चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें. ऊपर से हरा धनिया डाल दे

स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स.

सत्तू के मिश्रण में सरसों का तेल जरूर डालें. इससे लिट्टी का स्वाद और अच्छा आता है. लिट्टी को हमेशा धीमी आंच पर सेंकें. इससे वह अंदर से भी अच्छी तरह पक जाएगी.

सिकी हुई लिट्टी को घी में डुबोना न भूलें. इससे लिट्टी का स्वाद बढ़ जाता है. चोखे में सरसों का तेल अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा डाल सकते हैं.

यह भी पढ़ें: Wheat Flour Recipes: एक ही आटे से पराठा, चीला और स्नैक, नोट करें 3 आसान रेसिपी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *