महाराष्ट्र में पहले जंक फ़ूड , नकली पनीर , ब्लिंकइट जैसी नामी कंपनी के बाद FDA के रडार पर डोमिनोज जैसी नामी पिज्जा कंपनी आ गई है. मुंबई में नियमों के उलंघन पाए जाने पर डोमिनोज के 3 नामी आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है .
मुंबई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में डोमिनोज पिज्जा के तीन आउटलेट के फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. विले पार्ले, बोरीवली और घाटकोपर स्थित इन तीनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित Schedule-4 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया.
1. विले पार्ले पश्चिम स्थित Domino’s Pizza
Jubilant Food Works Ltd. (Domino’s Pizza), विले पार्ले पश्चिम का लाइसेंस निलंबित किया गया है. यह प्रतिष्ठान विलेपार्ले में एस.वी. रोड और डी.जे. रोड के कोने पर स्थित है.
जांच के दौरान FSSAI लाइसेंस के प्रदर्शन, पीने योग्य पानी की जांच, खाद्य पदार्थों के भंडारण, पेस्ट कंट्रोल और साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां पाई गईं.
ये भी पढ़ें: दूध के नाम पर जहर का खेल! डेयरी पर FDA की रेड, 950 किलो मिलावटी पनीर-घी जब्त
FDA ने निर्देश दिया है कि फ्रोजन और अन्य खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर रखा जाए तथा तापमान की नियमित निगरानी की जाए. खाद्य भंडारण और तैयारी वाले क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं को अलग रखने तथा किचन के बैक डोर, फर्श और चिलिंग रूम की आवश्यक मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं.
साथ ही चूहों और अन्य कीटों की रोकथाम, खाद्य तैयारी के दौरान स्वच्छता, उपकरणों की सैनिटाइजेशन और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त हैंड-वॉशिंग एवं हाइजीन सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है.
2. बोरीवली पश्चिम स्थित Domino’s Pizza
Jubilant Food Works Ltd. (Domino’s Pizza), बोरीवली पश्चिम का लाइसेंस भी Schedule-4 के प्रावधानों के उल्लंघन के चलते निलंबित किया गया है.
निरीक्षण के दौरान कुल 54 प्रतिशत स्कोर के साथ Non-Compliance पाया गया. खाद्य पदार्थों के भंडारण, तापमान की निगरानी, फूड टेस्टिंग, स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कमियां सामने आईं.
FDA ने कच्चे और गैर-खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने तथा कच्चे और पके हुए भोजन के साथ-साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों का उचित segregation सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
इसके अलावा उपकरणों और बर्तनों की उचित सफाई एवं सैनिटाइजेशन, पिज्जा और फूड प्रिपरेशन एरिया से तेल तथा खाद्य अवशेषों को तुरंत हटाने और कीट नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने को कहा गया है. परिसर की फर्श, सफाई व्यवस्था और लाइटिंग में भी आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं.
3. आर-सिटी मॉल, घाटकोपर पश्चिम स्थित Domino’s Pizza
Jubilant FoodWorks Ltd. (Domino’s Pizza), आर-सिटी मॉल, घाटकोपर पश्चिम का फूड बिजनेस लाइसेंस भी निलंबित किया गया है. FDA के अनुसार यहां साफ-सफाई और सैनिटेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी तथा Cleaning & Sanitation Schedule भी उपलब्ध नहीं था. निरीक्षण के दौरान कीटों का प्रकोप पाया गया और प्रभावी Pest Control की व्यवस्था एवं रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे.
इसके अलावा खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO/FEFO प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था और उचित तापमान नियंत्रण की कमी पाई गई. खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाली सामग्रियों के Food Grade Certificate और आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे.
Food Handlers की व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल जांच, टीकाकरण, Gloves और Aprons के उचित इस्तेमाल एवं संबंधित रिकॉर्ड में भी कमियां पाई गईं.
इसके साथ ही Calibration, Preventive Maintenance, Food/Water Testing Reports और अन्य Food Safety Records उपलब्ध नहीं थे. ग्राहक शिकायतों के प्रभावी निवारण की व्यवस्था में भी कमी पाई गई. FDA ने इन सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए तीनों प्रतिष्ठानों के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: नागपुर में नाबालिग लड़की का अपहरण, चाकू से किए वार, डिलीवरी ब्वॉय की मदद से पहुंची पुलिस
