लोकप्रिय असमिया गायक पापोन ने शिवसागर जिले के निमैजान इलाके के कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ित लोगों से मुलाकात की. उन्होंने प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों का जायजा लेने के साथ स्थानीय स्वयंसेवकों से भी बातचीत की.
पापोन ने बताया कि उनकी टीम पिछले करीब 20 दिनों से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हुई है. स्थानीय युवाओं के सहयोग से करीब 60 से 70 लोग मिलकर राहत कार्य कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “अब ज्यादातर लोगों तक राहत पहुंच रही है, लेकिन कुछ अंदरूनी इलाकों में अभी भी राहत नहीं पहुंच पा रही है. कुछ जगहों पर आधे लोगों को राहत मिल रही है, जबकि बाकी लोग इससे वंचित हैं. जैसे-जैसे समय बीत रहा है, लोगों की जरूरतें भी बदल रही हैं. हम लगातार यह आकलन कर रहे हैं कि कहां क्या जरूरत है.”
पापोन ने कहा कि बाढ़ का पानी पूरी तरह सूखने और हालात सामान्य होने में अभी समय लगेगा.
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि पानी पूरी तरह सूखने में दो से तीन महीने लग सकते हैं. इसके बाद इन लोगों को फिर से शुरुआत करनी होगी. अभी सभी को धैर्य रखना चाहिए. सामान्य स्थिति दोबारा बनाने में समय लगेगा.”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में नई चुनौतियां सामने आ सकती हैं, इसलिए लोगों को धैर्य और हौसला बनाए रखना होगा.
पापोन ने कहा. “समय के साथ नई समस्याएं सामने आएंगी. इसलिए लोगों को धैर्य और हिम्मत बनाए रखनी होगी. यह बेहद कठिन स्थिति भी खत्म होगी,”

अपने दौरे के उद्देश्य के बारे में पापोन ने कहा कि वह यह देखने आए हैं कि स्थानीय युवा किस तरह राहत कार्य कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “मैं यह देखने आया हूं कि ये लड़के किस तरह काम कर रहे हैं और वे शानदार काम कर रहे हैं. मेरे जैसे लोगों का यहां आना लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए है.”
शिवसागर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास का काम जारी है. बाढ़ से प्रभावित परिवारों के सामने अब अपने घरों और सामान्य जीवन को दोबारा खड़ा करने की बड़ी चुनौती है.
Input By : RITU RAJ PHUKAN
