उत्तर प्रदेश के लखनऊ में संपति के लालच में बेटे ने मृत पिता के शव से खाली कागज पर अंगूठा लगवा लिया. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि इस दौरान उसका चचेरा भाई भी मदद करता नजर आया.
ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का चोरी-छिपे वीडियो बना लिया, जो अब सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. हालाँकि इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है. न ही किसी ने अभी तक कोई शिकायत की है. फिलहाल इस मामले की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में है.
यह भी पढ़ें: ‘अपमान सहने के मूड में नहीं…’, खरगे की सभास्थल के शुद्धिकरण पर भड़के अखिलेश यादव
क्या है पूरा मामला ?
खड़ौहा निवासी छत्रपाल (75) का अपने बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी से लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोप है कि वर्ष 2023 में बेटे और बहू ने बुजुर्ग दंपती के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें पैतृक घर से निकाल दिया था. इसके बाद छत्रपाल अपनी पत्नी शिवदेवी के साथ रिश्तेदारों और बेटियों के घर रह रहे थे. परिजनों का कहना है कि बुजुर्ग ने अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से तीनों बेटियों को एक-एक बीघा जमीन दी थी. वहीं बेटे और बहू से नाराज होकर उन्हें सार्वजनिक सूचना के जरिए संपत्ति से बेदखल करने की बात भी कही थी.
बेटी के घर से पिता को ले गया था बेटा
बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को पिता की तबीयत खराब हुई थी. इसकी सूचना महेंद्र को भी दी गई. आरोप है कि महेंद्र और उसकी पत्नी अपने परिजनों के साथ लखनऊ पहुंचे और विवाद के बाद पिता को इलाज कराने की बात कहकर अपने साथ ले गए. इसके दो दिन बाद 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के दौरान भी बेटियों के साथ गाली-गलौज की गई. सुमन के पति रमेश के मुताबिक, वहां मौजूद लोग इस व्यवहार से हैरान रह गए.
