टीवी के पॉपुलर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में गौतम विरानी का किरदार निभाकर मशहूर हुए एक्टर सुमीत सचदेव इन दिनों अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो कंधे पर 10 किलो का बैग लेकर 120 मंजिल सीढ़ियां चढ़ते नजर आ रहे हैं. सीढ़ियां चढ़ने के बाद वो पसीने से पूरी तरह लथपथ दिख रहे हैं.
स्मृति ईरानी के कमेंट ने खींचा ध्यान
सुमीत सचदेव कहते है, ‘मैं अभी-अभी अपना वर्कआउट खत्म करके घर वापस आया हूं. मैंने अपनी पीठ पर 10 किलो का ये वेट वेस्ट पहनकर 120 मंजिलें चढ़ी हैं. बहुत बढ़िया लग रहा है. बस सोचा कि आप सभी को इंस्पायर करने के लिए एक छोटा सा वीडियो बना लूं. वर्कआउट करें, स्वस्थ रहें.’
उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘ये आप सभी को प्रेरित करने के लिए है.’ इस वीडियो पर सुमीत सचदेव की को-एक्ट्रेस स्मृति ईरानी ने कमेंट किया है. उन्होंने लिखा, ‘120 मंजिलें?’ सुमीत सचदेव का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ये भी पढ़ें:- शूटिंग के दौरान कार्तिक आर्यन के घुटने में लगी चोट, अस्पताल में भर्ती, जल्द होगी सर्जरी
हाल ही में एक डरावने हादसे का हुए थे शिकार
सुमीत का ये फिटनेस वीडियो उनके साथ हुई एक डरावनी घटना के कुछ हफ्तों बाद आया है. जुलाई में उन्होंने खुलासा किया था कि एक रेस्तरां में अपनी पत्नी और भाई के साथ खाना खाते समय उनके गले में खाना अटक गया था, जिससे उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ होने लगी थी. इस दौरान सुमीत की जान उनके भाई और रेस्तरां के मालिक ने बचाई थी. तब सुमीत ने लोगों को सलाह दी थी कि हमेशा छोटे-छोटे निवाले लें और खाना चबाकर खाएं.
आर्किटेक्ट से ऐसे बने मशहूर एक्टर
सुमीत सचदेव का करियर भी काफी दिलचस्प रहा है. एक्टिंग में आने से पहले वो पेशे से एक आर्किटेक्ट थे. उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत आमिर रजा हुसैन के कारगिल युद्ध के नायकों पर आधारित नाटक ‘द फिफ्टी डे वॉर’ से की थी.
इसके बाद उन्होंने टीवी पर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में तुलसी और मिहिर के बड़े बेटे गौतम का रोल निभाया. उन्होंने ‘क्या हादसा क्या हकीकत’, ‘कहीं तो होगा’, ‘ख्वाहिश’, ‘प्यार का बंधन’, ‘बंदिनी’, ‘ये है मोहब्बतें’, ‘चाशनी’, ‘झनक’ और वेब सीरीज ‘स्लम गोल्फ’ जैसे कई शोज में काम किया है.
ये भी पढ़ें:- Video: ‘सुनीता को धोखा देगा तो भीख मांगेगा…’, गोविंदा की मां ने दी थी ऐसी चेतावनी
