पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन के दावों को और ज्यादा बल मिलता दिख रहा है. शिरोमणि अकाली दल नेता और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने SAD और बीजेपी में विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के साफ संकेत दिए हैं.
संगरूर में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष संत हरचंद सिंह लोंगोवाल की बरसी की मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- आपने स्किल्ड यूनिवर्सिटी की मांग रखी है. यह तो छोटे छोटे काम हैं. गुरु साहिब की मेहरबानी हो और ऐसे समझौते हों तो जैसे पहले की तरह दिल्ली से विकास के काम पंजाब में होते थे वैसे ही विकास के कामों की नींव पंजाब में रखी जाएगी.
जब गठबंधन पर बोलते-बोलते रुक गईं कौर…
हालांकि इस दौरान कौर साफ तौर पर गठबंधन के बारे में बताने से रुक गईं और कहा कि यह बताना उनका काम नहीं है और सब कुछ लोगों के सामने आ जाएगा.
SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद अकाली दल और बीजेपी में गठबंधन की चर्चा को जोर मिला है. इसके बाद अकाली दल ने महिला आरक्षण जल्द से जल्द लागू करने और केंद्र सरकार के प्रपोजल जिसमे लोक सभा की सीटों में सभी राज्यों में 50 प्रतिशत वृद्धि कर दी जाए इसका समर्थन किया है.
बता दें साल 2022 के विधानसभा चुनाव के पहले कृषि कानूनों के मुद्दे पर शिअद और बीजेपी का अलायंस टूट गया था. हालांकि उस चुनाव में बीजेपी और शिअद दोनों को भारी नुकसान हुआ. लोकसभा चुनाव 2024 के पहले भी अलायंस के दावे किए गए थे हालांकि उस वक्त भी बात नहीं सकी थी.
ऐसे में अब यह देखना होगा कि कौर के इस बयान का सियासी भविष्य क्या होता है.
