देश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने वाला है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 23 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी भारत के कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज गरज के साथ बारिश होने की आशंका है.
मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. बारिश और तेज हवा से किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है.
23 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम, मणिपुर, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 21 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है. कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 21 अगस्त को भारी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवा
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बांदा, हमीरपुर, झांसी और बिजनौर में बारिश की चेतावनी है. कुछ जगहों पर हवा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
बिहार में भारी बारिश और आंधी
बिहार के गया, पटना, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मुंगेर और खगड़िया में भारी बारिश और तेज हवा की संभावना है. हवा करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
झारखंड में भी तेज बारिश का अलर्ट
झारखंड के धनबाद, देवघर, रांची, बोकारो, जमशेदपुर, सरायकेला, गिरिडीह, दुमका, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश और अल्मोड़ा में तेज बारिश और हवा की संभावना है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में तापमान 29 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हिमाचल प्रदेश में 21 और 22 अगस्त को कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. बिलासपुर, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, सोलन और लाहौल-स्पीति में मौसम खराब रहने की आशंका है.
जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ बारिश
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम, अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर, किश्तवाड़, गांदरबल, शोपियां और रियासी में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
पश्चिम बंगाल में भी बारिश का असर
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, बीरभूम, कोलकाता, कलिम्पोंग और हावड़ा में भारी बारिश और तेज हवा की संभावना है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
पंजाब और राजस्थान में आंधी-बारिश
पंजाब के अमृतसर, जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट, बठिंडा, गुरदासपुर और लुधियाना में तेज बारिश और आंधी आ सकती है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान में जयपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, करौली, दौसा, नागौर, पाली, बांसवाड़ा और भरतपुर में बारिश और तेज हवा की संभावना है. जयपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मध्य प्रदेश में तेज बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश के शिवपुरी, गुना, भोपाल, विदिशा, सागर, ग्वालियर, दमोह, रायसेन, मंदसौर और नीमच में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
