कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया. हैदराबाद के पास मेडचल स्थित मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक साउंड सिस्टम और फ्लडलाइट पोल गिरने से कम से कम चार लोग घायल हो गए. घायलों में एक छात्र भी शामिल बताया जा रहा है.
कार्यक्रम में यश को देखने के लिए हजारों छात्र और फैंस पहुंचे थे. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी. इसी दौरान साउंड सिस्टम को सपोर्ट करने वाली संरचना पर कुछ युवाओं के चढ़ने के बाद वह असंतुलित होकर गिर गई.
यश के सामने गिरा साउंड सिस्टम
हादसा उस समय हुआ जब यश मंच पर मौजूद थे और छात्रों तथा प्रशंसकों को संबोधित कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ युवा एक ऊंचे स्टैंड पर चढ़ गए थे, जिस पर डीजे स्पीकर सिस्टम लगा हुआ था. अधिक वजन और भीड़ के दबाव के कारण संरचना अपना संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई.
स्पीकर बॉक्स के साथ एक फ्लडलाइट पोल के गिरने की भी जानकारी सामने आई है. हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. कुछ रिपोर्ट्स में एक युवती के मौके पर बेहोश होने की भी बात कही गई है.
हादसा होते ही यश ने रोका अपना भाषण
हादसा होते ही यश ने अपना भाषण रोक दिया और आयोजकों से घायलों की स्थिति देखने को कहा. उन्होंने मंच से पूछा कि घायल लोग ठीक हैं या नहीं और आयोजकों से तुरंत उनकी मदद करने की अपील की. यश ने इसके बाद प्रशंसकों से असुरक्षित जगहों और ऊंची संरचनाओं से नीचे आने की अपील भी की. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हादसे के बाद लोगों को घायलों की मदद करते हुए देखा जा सकता है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे के बाद साइबराबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी के प्रबंधन और इवेंट मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई और साउंड सिस्टम को सुरक्षित तरीके से लगाया गया था या नहीं.
हजारों छात्रों की भीड़ से बढ़ी चुनौती
मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और यश के प्रशंसक पहुंचे थे. इतनी बड़ी भीड़ के बीच ऊंची संरचनाओं और साउंड सिस्टम की सुरक्षा को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं. हादसे ने बड़े फिल्मी कार्यक्रमों में भीड़ नियंत्रण, स्टेज मैनेजमेंट और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. खासकर तब, जब पिछले कुछ वर्षों में बड़े स्टार्स के कार्यक्रमों में भीड़ से जुड़े हादसे सामने आते रहे हैं.
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने छात्रों को दी चेतावनी
हादसे के बाद मल्ला रेड्डी ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति रेड्डी ने छात्रों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में इस तरह की अनुशासनहीनता दोबारा होती है तो परिसर में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर स्थायी रोक लगाई जा सकती है.
