- भारतीय तटरक्षक ने दो क्रू सदस्यों को बचाया; तलाश जारी।
केंद्रीय पोर्ट्स, शिपिंग और वॉटरवेज मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने ओडिशा तट के नजदीक पनामा झंडे वाले विदेशी जहाज एमवी ओशियन विनर (MV OCEAN WINNER) के डूबने की घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां आपस में तालमेल बैठाकर खोज और बचाव अभियान में जुटे हुए हैं. इसके साथ ही, उन्होंने जहाज के क्रू सदस्यों की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना की है.
केंद्रीय मंत्री ने एक्स पोस्ट में क्या कहा?
सरबानंद सोनोवाल ने रविवार (23 अगस्त, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘मैं ओडिशा तट के नजदीक एमवी ओशियन विनर के साथ घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित हूं. पनामा के झंडे वाला यह जहाज पारादीप पोर्ट से लौह अयस्क लेकर चीन जा रहा था.’
उन्होंने कहा, ‘सभी एजेंसियां आपस में करीबी समन्वय के साथ सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं. इस दौरान दो लोगों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है और उन्हें मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. दोनों लोगों की रैंक और पहचान की फिलहाल पुष्टि की जा रही है. बाकी अन्य क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और सलामती के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं.’
Deeply concerned by the unfortunate incident involving MV OCEAN WINNER off the coast of Odisha. The Panama-flagged vessel was carrying iron ore from Paradip Port to China.
All agencies are coordinating closely and actively doing search and rescue efforts. 2 survivors have been…
— Sarbananda Sonowal (@sarbanandsonwal) August 23, 2026
बंगाल की खाड़ी में डूबा समुद्री जहाज
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि पनामा के झंडे वाला कार्गो जहाज ओडिशा तट से 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में डूब गया है. भारतीय कोस्ट गार्ड और भारतीय नौसेना ने इस भयानक घटना के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था.
उन्होंने बताया कि अभी तक हमें इस बात की पुख्ता जानकारी नहीं है कि जहाज के डूबने के बाद कुल कितने क्रू सदस्यों को बचाया गया है. वहीं, एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बताया कि कार्गो जहाज पर ज्यादातर तैनात क्रू सदस्य चीनी मूल के नागरिक थे. बंगाल की घाड़ी में इस घटना के घटने के बाद उस समुद्री इलाके के आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी बचाव अभियान में मदद करने के लिए अलर्ट किया गया है.
24 में से 22 नाविक समुद्र में लापता- ICG
वहीं, भारतीय कोस्ट गार्ड (ICG) के प्रवक्ता कमांडेंट अमित उनियाल ने दुर्घटना के अगले दिन रविवार (23 अगस्त, 2026) को बताया कि पारादीप पोर्ट से 72 हजार टन लौह अयस्क को चीन लेकर जा रहे कार्गो जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य तैनात थे, जिसमें से दो क्रू सदस्यों को रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सफलतापूर्वक बचा लिया गया, जबकि अन्य 22 नाविक गहरे समुद्र में लापता हो गए हैं. हालांकि, लापता क्रू सदस्यों की तलाश के लिए सघन बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः केंद्र के इस फैसले के विरोध में उतरे शशि थरूर, बोले – ‘सरकार ने…’
