छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने यहां गांजा तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही उनसे लगभग दो करोड़ रुपये कीमत का 400 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. अधिकारियों ने सोमवार (24 अगस्त) को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई. जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है.
ट्रक की छत पर तिरपाल के नीचे छिपाया था 400 किलो गांजा
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर, देवभोग थाने की टीम 23-24 अगस्त की रात राष्ट्रीय राजमार्ग 130 सी के खुटगांव नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी उन्होंने ओडिशा से आ रहे एक ट्रक को रोका. अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक की छत पर काले तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट मिले.
बाइक सवार दो लोग ट्रक को दिखा रहे थे रास्ता
उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक ड्राइवर संतोष अनंता मोहिते (49) और ट्रक में सवार सुमित सुभाष थोड़वे (35), हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की. दोनों महाराष्ट्र के निवासी हैं. पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल पर उनके आगे चल रहे दो लोग ट्रक को रास्ता दिखा रहे थे. इस जानकारी के आधार पर, पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोका और महाराष्ट्र के रहने वाले पंकज अनंता मोहिते (47) और ओडिशा के कालाहांडी जिले के जालंधर खम्हारी (43) को गिरफ्तार कर लिया.
400 किलो गांजा के अलावा 3 मोबाइल फोन भी जब्त
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान 400 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन, 1.50 लाख रुपये नकद, एक ट्रक और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई. उन्होंने बताया कि पूछताछ के आधार पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांजा को ओडिशा के कालाहांडी जिले के निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त किया था. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में ओडिशा निवासी दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया.
एनडीपीएस कानून की धाराओं के तहत कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि दिसारी के कब्जे से गांजा खरीद-बिक्री में प्रयुक्त पांच लाख रूपए नकदी जब्त की गई. उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ पर रोकथाम संबंधी ‘एनडीपीएस’ कानून की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया.
छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती के खिलाफ आंदोलन, अभ्यर्थी ने बताई वजह
