- नेतन्याहू ने खुलासा किया कि ईरान ने उनके एक बेटे को जान से मारने की कोशिश की थी।
- यह जानकारी कई महीनों तक आदेश पर गुप्त रखी गई थी, पीएम ने बताया।
- उन्होंने सुरक्षा एजेंसी शिन बेट से सभी पीएम उम्मीदवारों को सुरक्षा देने को कहा।
- जुलाई में नेतन्याहू परिवार के सदस्यों की निजी सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी।
पश्चिम एशिया में ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ने उनके एक बेटे को जान से मारने की कोशिश की थी. उन्होंने बताया कि इस जानकारी को पिछले कई महीनों से आदेश के बाद गुप्त रखा गया था. हालांकि, उन्होंने इस बात का साफ तौर पर खुलासा नहीं किया कि ईरान ने उनके दोनों में से किस बेटों को अपना निशाना बनाया था.
द जेरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार (24 अगस्त, 2026) को चैनल 14 के मिलिट्री कोरसपोंडेंट नोआम आमिर के साथ फोन पर बातचीत के दौरान इस बात का खुलासा किया. उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल ही अविश्वसनीय बात है. ईरान ने मेरे एक बेटे को निशाना बनाया. उसकी हत्या करने की कोशिश की.
PM पद के सभी उम्मीदवारों को सुरक्षा देने के लिए कहा- नेतन्याहू
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह उन खुफिया जानकारियों का हिस्सा है, जो उन्हें बताई गई, इसके जवाब में नेतन्याहू ने कहा, ‘ईरान ने मेरे एक बेटे की हत्या करने की कोशिश की और यही वजह है कि मैं जो वादा कर रहा हूं, वो कोई लग्जरी नहीं है. इसके बिना वे मेरे बेटे की हत्या करने में सफल भी हो सकते हैं. लोगों को, खासकर चुनावी अभियान के दौरान, थोड़ा धैर्य रखना चाहिए.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने इजरायल की सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के प्रमुख डेविड जिनी से बात की और उनसे कहा कि प्रधानमंत्री पद के सभी उम्मीदवार को उचित सुरक्षा मुहैया कराई जाए.’
शिन बेट ने नेतन्याहू परिवार की निजी सुरक्षा में भी किया इजाफा
इस साल जुलाई महीने में इजरायली सुरक्षा एजेंसी शिन बेट से जुड़े मामलों के मंत्रिस्तरीय कमेटी ने देश के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी सारा और उनके दोनों बेटों याइर और अवनेर को और ज्यादा निजी सुरक्षा देने को मंजूरी दी थी.
यह भी पढ़ेंः 1 लाख डॉलर से ज्यादा फीस, H-1B वीजा पर US का नया प्लान! भारत पर क्या असर?
