इंदर कुमार…ये वो नाम है जो एक समय फिल्मी दुनिया में काफी चर्चा में रहा करता था. न सिर्फ बड़े पर्दे पर बल्कि उन्होंने अपनी अदाकारी से फैंस का ध्यान छोटे पर्दे पर भी खींचा था. अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे सुपरस्टार्स संग उन्होंने काम किया था और सलमान खान के साथ तो उनका खास याराना बन गया था. अपनी एक्टिंग के अलावा इंदर अपनी फिजिक और लुक्स से भी चर्चा में रहते थे. हालांकि एक घटना ने उनका करियर बर्बाद कर दिया था.
इंदर कुमार की बात आज उनकी बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर. अगर वो जीवित होते तो आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे होते. 90 के दशक के बीच में अपना बॉलीवुड करियर शुरू करने वाले इंदर कुमार का जन्म 26 अगस्त 1973 को राजस्थान की ‘पिंक सिटी’ यानी जयपुर में हुआ था. उन्होंने फिल्मों में लीड रोल भी निभाए और सपोर्टिंग रोल भी किए. हालांकि वो कम उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए थे.
23 साल की उम्र में बतौर लीड एक्टर डेब्यू
इंदर कुमार ने 21 साल के फिल्मी करियर में करीब 20 फिल्मों में काम किया था. उन्हें हिंदी सिनेमा में अपना आगाज फिल्म ‘मासूम’ से किया था. ये फिल्म साल 1996 में रिलीज हुई थी और उस वक्त एक्टर की उम्र 23 साल थी. महेश कोठारे के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का हिस्सा रेणुका शहाणे, टीनू आनंद जैसे कलाकार भी थे.
अक्षय-सलमान और सनी देओल संग किया काम
इंदर कुमार ने सनी देओल, अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे स्टार्स संग स्क्रीन शेयर की थी. अक्षय कुमार के साथ वो फिल्म ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ में नजर आए थे. साल 1996 की इस मूवी में उन्होंने अजय मल्होत्रा नाम का किरदार निभाया था. सनी देओल के साथ उन्हें ‘मां तुझे सलाम’ में देखा गया था जो 2002 में रिलीज हुई थी.

सलमान खान के साथ इंदर कुमार एक-दो नहीं, बल्कि तीन फिल्मों में दिखाई दिए थे. सबसे पहले दोनों ने साल 2000 की फिल्म ‘कहीं प्यार ना हो जाए’ में काम किया था. इसके बाद 2002 में ‘तुमको ना भूल पाएंगे’ और फिर साल 2009 में हिट फिल्म ‘वांटेड’ में काम किया था. वांटेड में इंदर ने सलमान के भाई का किरदार अदा किया था.

‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में भी किया काम
इंदर कुमार का फिल्मी करियर कुछ ख़ास नहीं चल रहा था तो उन्होंने छोटे पर्दे का रुख किया था. वो सुपरहिट टीवी सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में नजर आए थे. हालांकि उन्होंने इसमें ज्यादा समय तक काम नहीं किया था. उन्होंने ये शो छोड़ दिया था और बाद में उनकी जगह रोनित रॉय ने ले ली थी. इंदर ने इसमें मीहिर वीरानी का किरदार निभाया था.
इंदर कुमार ने की थीं तीन-तीन शादियां
इंदर कुमार की पर्सनल लाइफ भी काफी सुर्खियों में रही. एक्ट्रेस ने कुल तीन शादियां की थीं. उनकी पहली शादी साल 2003 में सोनल कारिया से हुई थी. हालांकि ये रिश्ता छह महीने भी नहीं टिक पाया और दोनों तलाक लेकर अलग हो गए थे. एक्टर की दूसरी शादी तो इससे भी छोटी रही.

इंदर कुमार ने दूसरी बार घर साल 2009 में बसाया था. उन्होंने कमलजीत कौर से शादी की थी. हालांकि ये शादी 2 महीने में ही टूट गई थी. दिवंगत एक्टर ने तीसरी बार घर साल 2013 में बसाया था. तब अभिनेता ने पल्लवी सराफ से शादी की थी. दोनों ने शादी के बाद एक बेटी भावना का वेलकम किया था.
एक्ट्रेस ने लगाया था रेप का आरोप, हुए थे अरेस्ट
साल 2014 में इंदर कुमार बड़े विवाद का हिस्सा बन गए थे. उन पर एक 22 वर्षीय एक्ट्रेस और मॉडल ने रेप का आरोप लगाया था. जबकि इंदर ने कहा था कि उनके बीच शारीरिक संबंध आपसी सहमति से बने थे. इंदर को इस केस में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. डेढ़ महीने जेल में बिताने के बाद अभिनेता को जमानत मिल गई थी. हालांकि इस घटना के बाद उनका करियर बर्बाद हो गया था और उन्हें काम मिलना बंद हो गया.

43 साल की उम्र में हो गया था निधन
इंदर कुमार ने कम उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था. अभिनेता का 27 जुलाई 2017 को मुंबई में हार्ट अटैक से निधन हो गया था. उन्होंने महज 43 साल की उम्र में दुनिया छोड़ दी थी. बताया जाता है कि अभिनेता अपने आखिरी दिनों में काफी तनाव में रहने लगे थे.
