रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 23वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हरा दिया है. लखनऊ ने पहले खेलने के बाद सिर्फ 146 रन बनाए थे. जवाब में आरसीबी ने 29 गेंद पहले 5 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. इस जीत के साथ आरसीबी प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है. एम चिन्नास्वामी में यानी घर पर आरसीबी ने पहली बार लखनऊ को हराया है. आरसीबी के लिए गेंदबाजी में रसिख डार सलाम (4 विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (3 विकेट) ने कहर ढाया तो बल्लेबाजी में विराट कोहली (34 गेंद में 49 रन), जितेश शर्मा (9 गेंद में 23 रन) और रजत पाटीदार (13 गेंद में 27 रन) हिट रहे. अंत में टिम डेविड (8 गेंद 14 रन) और रोमारियो शेफर्ड (8 गेंद 14 रन) नाबाद लौटे.
