Headlines

Mahoba News: प्रियंका हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, शादी तय होने पर खफा प्रेमी ने की थी हत्या, मुठभेड़ में गिरफ्तार


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद.

उत्तर प्रदेश के महोबा में प्रियंका रैकवार सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. मुख्य आरोपी का प्रेम प्रसंग जब उसकी पत्नी को पता चला, तो वह उसे छोड़कर चली गई. वहीं दूसरी तरफ प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से बौखलाए प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया. मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं.

इस घटना को लेकर परिजनों में बेहद आक्रोश था, जिसको लेकर पुलिस ने तेजी से काम किया और जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया. मृतका की जुलाई में शादी भी होनी थी.

क्या है पूरा मामला ?

सुभाष नगर इलाके के सुनसान जंगल में 14 अप्रैल को मिली युवती की लाश ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था. मृतका की पहचान प्रियंका रैकवार के रूप में हुई, जिसकी आगामी 8 जुलाई को शादी होनी थी. इस कत्ल की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, जिसके लिए एसपी शशांक सिंह ने एसओजी और सर्विलांस समेत चार टीमों को मैदान में उतारा.

24 घंटे में पकडे गए आरोपी

महज 24 घंटे के भीतर पुलिस का सामना उन हत्यारों से हुआ, जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था. घेराबंदी के दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां मुख्य अभियुक्त सुमित सिंह और उसके साथी धर्मेंद्र के पैर में लगीं, जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया. पूछताछ में जो कहानी सामने आई, उसने सबको हैरान कर दिया.

दोनों में कई साल से थे संबंध

मवई खुर्द निवासी सुमित का प्रियंका से पुराना प्रेम प्रसंग था. चल रहे प्रेम प्रसंग के दौरान सुमित की शादी हो गई लेकिन जब उसकी पत्नी को इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो घर में कलह शुरू हो गई और उसकी नई नवेली दुल्हन उसे छोड़कर चली गई. सुमित को लगा कि प्रियंका की वजह से उसका घर बर्बाद हो गया. इसी बीच, जब उसे पता चला कि प्रियंका की भी शादी कहीं और तय हो गई है, तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. बदला लेने की नीयत से सुमित ने अपने दोस्त धर्मेंद्र के साथ मिलकर प्रियंका को मिलने के बहाने देर रात बुलाया और सफेद गमछे से गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी.

हथियार और बाइक भी बरामद

प्रियंका का एक भाई यूपी पुलिस में सिपाही है, लेकिन अपराधी के सिर पर सवार जुनून ने उसे इस बात का भी खौफ नहीं होने दिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल गमछा, मृतका का मोबाइल, दो तमंचे और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है. इसके अलावा इनके पास से दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए है.

दोनों का इलाज जारी

पुलिस की गोली से घायल दोनों हत्यारोपियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है. फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना को आगे बढ़ा रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *