पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियां मारकर हत्या के बाद पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल है. अंकित का शव गांव बंटीखेड़ा पहुंचा तो परिवार और चाहने वालों की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे थे.
अंकित के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं, वहीं तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. परिवार सड़क पर बैठकर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर चुका है.
अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा खुलासा, आरोपियों की तस्वीर आई सामने
आरोपियों के घर पर चले बुलडोजर- ससुर
अंकित के ससुर विक्रम सिंह ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा कि उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो, जिससे परिवार को इंसाफ का भरोसा मिले. उन्होंने आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की.
विक्रम सिंह के मुताबिक, शामली इलाके में अंकित की किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं था. वह सोनीपत में सिंगिंग का काम करता था और जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहा था. उन्होंने बताया कि अंकित से उनकी आखिरी बातचीत करीब चार-पांच दिन पहले हुई थी. तब अंकित ने शामली आने की बात कही थी, लेकिन किसी मनमुटाव का जिक्र नहीं किया था.
हमारी आंखों के सामने हो आरोपियों का एनकाउंटर- चाची
अंकित की चाची ने कहा, “उनके परिवार के साथ जो हुआ है, वैसा ही आरोपियों के साथ होना चाहिए.” उन्होंने कहा कि परिवार को अभी तक यह पता नहीं है कि अंकित की हत्या किसके कहने पर हुई.
परिवार का आरोप है कि अंकित रोजाना की तरह जिम जा रहा था, तभी उसे निशाना बनाया गया. चाची ने कहा कि गोली लगने के बाद पुलिस अंकित को सीधे पोस्टमार्टम के लिए ले गई और परिवार को तुरंत इसकी जानकारी नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि अगले दिन राखी का त्योहार है, लेकिन घर में मातम पसरा है.
घटना पर क्या बोले शामली विधायक?
शामली के विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि यह उनके क्षेत्र के लिए बेहद बड़ी और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर डीजीपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बातचीत हुई है. विधायक के मुताबिक, उन्होंने पुलिस कप्तान से भी बात की है, लेकिन जिस स्तर की कार्रवाई की उम्मीद थी, वह अभी तक नहीं हुई है.
विधायक ने कहा कि अंकित की गांव या क्षेत्र में किसी से दुश्मनी या मतभेद की जानकारी नहीं थी. सोशल मीडिया पर सामने आए कथित ‘गैंगवार’ से जुड़े पोस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
विधायक के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में दो मोटरसाइकिलों पर हमलावरों के आने की बात सामने आई है. पुलिस को कुछ फुटेज भी मिले हैं और शुरुआती तौर पर हमलावर स्थानीय नहीं लग रहे हैं. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
बेटे की हत्या पर पिता ने क्या कहा?
अंकित के पिता सतबीर फौजी ने कहा कि उनके बेटे का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था. उन्होंने बताया कि अंकित सोनीपत जाकर गाने बनाता था और उन्हें शक है कि हत्या की वजह वहीं से जुड़ी हो सकती है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट को उन्होंने अफवाह बताया और कहा कि पुलिस जांच को भटकाने के लिए भी ऐसा किया जा सकता है.
सतबीर फौजी ने कहा कि पुलिस ने परिवार को भरोसा दिया है कि मामले में आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि उनके बेटे को करीब 18 गोलियां लगी हैं. परिवार की मांग है कि जिस तरह अंकित को सड़क पर गोलियां मारी गईं, उसी तरह आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो.
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल करते हुए कहा कि अगर पुलिस-प्रशासन के दावे के मुताबिक अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है, तो फिर उनके इलाके में कोतवाली से महज करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर ऐसी वारदात कैसे हो गई.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिवार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ा है, जबकि अंकित की हत्या के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी.
कानपुर: गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट गिरा, दो लोग घायल
