राजस्थान के डूंगरपुर जिले की चितरी थाना पुलिस ने ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपये नकद चोरी किए थे. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल मुख्य आरोपी के खिलाफ डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले के विभिन्न थानों में पहले से चोरी, नकबजनी और लूट के 13 मामले दर्ज हैं.
मामला चितरी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को 76 वर्षीय ज्वैलरी व्यापारी तुलसीलाल सोनी अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान एक अन्य व्यापारी साफ-सफाई के लिए करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी के जेवरात दुकान पर देकर गया था. इनमें 5 हाकरी और 1 हांसली शामिल थी.
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति कान की लोंग खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचा. आरोप है कि उसने व्यापारी का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही दुकान में रखे चांदी के जेवरात तथा गल्ले से 5 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया.
हिजाब मामले में AIMPLB की एंट्री, SC में चुनौती की तैयारी
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
चोरी की वारदात सामने आने के बाद डूंगरपुर एसपी मनीष कुमार के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह और सागवाड़ा वृत्ताधिकारी हेरम्ब जोशी के सुपरविजन में चितरी थानाधिकारी रमेश मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई.
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से दो संदिग्धों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
रेकी के बाद वारदात को देते थे अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले दुकानों की रेकी करते थे. इसके बाद छोटा सामान खरीदने या अन्य बहाने से दुकान में पहुंचकर व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखते थे. मौका मिलने पर ध्यान भटकाकर कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे.
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गोविंद मीणा के खिलाफ बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले के लोहारिया, आसपुर, खमेरा, कोतवाली, सदर, निठाउवा, चौरासी, साबला और कलिंजरा थानों में चोरी, नकबजनी और लूट सहित 13 मामले पहले से दर्ज हैं.
अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी व नकबजनी की वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है.
इस कार्रवाई में कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह और हरेंद्र सिंह की सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में विशेष भूमिका रही. उनकी तकनीकी पड़ताल और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से चितरी ज्वैलरी शॉप चोरी की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली.
राजस्थान निकाय चुनाव: नामांकन शुरू, 31 अगस्त लास्ट डेट
