क्या आपने कभी किसी ऑफिस को वर्क-डे खत्म होने से दो मिनट पहले ही पूरी तरह खाली देखा है? भारत के वर्क कल्चर में अक्सर देर रात तक दफ्तर में बैठने और ओवरटाइम करने की प्रथा देखी जाती है, लेकिन जर्मनी में स्थिति इसके बिल्कुल उलट है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक भारतीय पेशेवर मोहित का वीडियो काफी चर्चा में है. मोहित ने जर्मनी स्थित अपने दफ्तर का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें सोमवार की शाम 4:58 बजे पूरा दफ्तर खाली नजर आ रहा है.
कैमरे में कैद हुई वर्क-लाइफ बैलेंस की अनोखी मिसाल
वायरल क्लिप में मोहित सबसे पहले अपनी स्क्रीन पर समय दिखाते हैं, जहां 16:58 (यानी शाम के 4:58) बज रहे होते हैं. इसके बाद जैसे ही वह अपना कैमरा घुमाकर पूरे फ्लोर का नजारा दिखाते हैं, वहां चारों तरफ सिर्फ खाली कुर्सियां और खाली डेस्क ही नजर आती हैं. इक्का-दुक्का कर्मचारियों को छोड़कर पूरा का पूरा फ्लोर खाली हो चुका था. मोहित ने वीडियो में कहा, “भारत और जर्मनी के वर्क कल्चर का फर्क देखना चाहते हैं? यहां देखिए.”
‘काम जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा है, पूरी जिंदगी नहीं’
इस वीडियो के साथ लिखे कैप्शन ने लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा आकर्षित किया. मोहित ने लिखा कि काम जिंदगी का एक बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन ध्यान रहे कि वह सिर्फ ‘एक हिस्सा’ ही है और उसे उसी तरह लिया जाना चाहिए. जहां भारत में आधिकारिक समय खत्म होने के बाद भी रुकने का दबाव महसूस किया जाता है, वहीं जर्मनी में लोग अपनी शिफ्ट खत्म होते ही अपने निजी समय को प्राथमिकता देते हैं और समय पर निकल जाते हैं.
यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video
सोशल मीडिया पर छिड़ी वर्क कल्चर की नई बहस
वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर भारतीय और यूरोपीय वर्क कल्चर को लेकर जोरदार बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया यूजर्स इस पर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई भारतीय यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि भारत में अगर आप शाम 5 बजे काम खत्म करके निकलने लगें, तो ऐसा लगता है जैसे कोई अपराध कर दिया हो. यहां देर तक बैठने को ही ‘मेहनत’ मान लिया जाता है. लोगों का कहना है कि काम के घंटों के बाद कर्मचारियों की प्राइवेसी और उनके पर्सनल टाइम की रिस्पेक्ट होनी चाहिए, जो कई यूरोपीय देशों में देखने को मिलती है.
यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल
