बगैर नंबर प्लेट की गाड़ी के चालान होते तो आपने बहुत देखे होंगे लेकिन क्या कभी आपने किसी डीएम या आईएएस अफसर की बगैर नंबर प्लेट वाली गाड़ी का चालान होते देखा है? हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी की गाड़ी को इसलिए घेर लिया क्योंकि उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और वहीं अधिवक्ता गाड़ी के चालान को लेकर अड़ गए और कहने लगे कि इसमें नंबर प्लेट तो है ही नहीं.
डीएम की गाड़ी के चालान की जिद करने लगे वकील
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसे बलरामपुर का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जिले में अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था, इतने में वकीलों की नजर डीएम की गाड़ी पर पड़ी जिस पर नंबर प्लेट की जगह जिलाधिकारी लिखा हुआ था. फिर क्या, ये नजारा देखकर अधिवक्ता यानी वकील भड़क गए और डीएम की गाड़ी के चालान की बात करने लगे. वीडियो में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच बातचीत भी सुनाई दे रही है. वहीं, बलरामपुर में अधिवक्ताओं का आंदोलन नामांतरण प्रक्रिया, DM के कार्यव्यवहार और अधिवक्ता संघ भवन को लेकर जारी है. जैसा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है.
क्या डीएम की गाड़ी का भी हो सकता है चालान
आपको बता दें कि मोटर व्हीकल एक्ट और केंद्रीय मोटर वाहन नियम (CMVR) के तहत देश का हर वाहन, चाहे वह आम नागरिक का हो या किसी सरकारी अधिकारी का, आगे और पीछे दोनों तरफ वैध हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाना अनिवार्य है. नंबर प्लेट पर केवल और केवल वाहन का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नंबर ही लिखा होना चाहिए. कानून के मुताबिक ट्रैफिक नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं. यदि कोई सरकारी गाड़ी बिना नंबर प्लेट के सड़क पर चलती है या नियमों का उल्लंघन करती है, तो ट्रैफिक पुलिस को उसका चालान काटने का अधिकार है.
यह भी पढ़ें: बच्चे को बचाने के लिए सब्जी वाले ने दांव पर लगा दी जान, लोग देखते रहे तमाशा
यूजर्स बोले, नियम सभी के लिए बराबर
वीडियो को adv.rohitsingh_goyat नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…भाई वीडियो देखकर बहुत सुकून मिला. एक और यूजर ने लिखा…सही बात है, नियम सभी के लिए बराबर हैं. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…जब वीआईपी कल्चर खत्म हो गया तो डीएम की गाड़ी की नंबर प्लेट की जगह जिलाधिकारी क्यों लिखा है.
यह भी पढ़ें: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान समुद्री लहर की चपेट में आया पत्रकार, वीडियो वायरल
