राजधानी दिल्ली के दिल माने जाने वाले कनॉट प्लेस में देर शाम और रात के समय घूमने वाले लोगों के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने अहम सुविधा शुरू की है. कनॉट प्लेस के 11 सार्वजनिक शौचालय अब आधी रात तक खुले रहेंगे. यह व्यवस्था 4 सितंबर 2026 से लागू की गई है. NDMC का कहना है कि इलाके में देर रात तक लोगों की आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
देर रात तक 23 में से फिलहाल 11 टॉयलेट की बढ़ी टाइमिंग
कनॉट प्लेस में कुल 23 सार्वजनिक शौचालय हैं. इनमें से फिलहाल 11 को पहले चरण में आधी रात तक संचालित किया जाएगा. NDMC के मुताबिक, लोगों की जरूरत, मिलने वाले फीडबैक और संचालन की स्थिति को देखते हुए आने वाले समय में दूसरे सार्वजनिक शौचालयों के समय में भी बदलाव किया जा सकता है. कनॉट प्लेस में दुकानें, रेस्टोरेंट, बाजार और दूसरी गतिविधियां देर रात तक चलती हैं. ऐसे में बड़ी संख्या में लोग रात तक यहां मौजूद रहते हैं. पहले कई सार्वजनिक शौचालय निर्धारित समय के बाद बंद हो जाते थे. इससे खासकर उन लोगों को परेशानी होती थी, जिन्हें देर रात अचानक टॉयलेट की जरूरत पड़ती थी.
NDMC चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि कनॉट प्लेस में नागरिकों, पर्यटकों और आगंतुकों की आवाजाही देर रात तक रहती है. इसी जरूरत को देखते हुए 11 सार्वजनिक शौचालयों का संचालन मध्यरात्रि तक करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि आगे और टॉयलेट्स को विस्तारित समय के दायरे में लाया जाएगा.
कबूलनामा…CJP का प्रदर्शन और फिर FIR, स्वतंत्र भारद्वाज केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
सोशल मीडिया पर सवाल उठाने NDMC ने लिया एक्शन
सार्वजनिक शौचालयों की टाइमिंग बढ़ाने के पीछे सोशल मीडिया पर सामने आया एक मामला भी अहम रहा. कुछ दिन पहले एक लड़की ने कनॉट प्लेस के एक टॉयलेट का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया था कि यहां सार्वजनिक शौचालय इतनी जल्दी क्यों बंद हो जाते हैं. वीडियो के वायरल होने के बाद NDMC चेयरमैन ने टॉयलेट्स को देर रात तक खुला रखने के निर्देश दिए.
कनॉट प्लेस घूमने पहुंचे राजेश ने एबीपी लाइव को बताया कि वह दोस्तों के साथ गाजियाबाद से दिल्ली आए थे. रात करीब साढ़े 9 बजे उनके दो दोस्तों को टॉयलेट की जरूरत पड़ी. उन्होंने सर्किल के आसपास खुले सार्वजनिक शौचालय की तलाश की, लेकिन उन्हें सुविधा नहीं मिली. इसके बाद मजबूरी में उन्हें अंधेरी जगह तलाशकर पेशाब करना पड़ा. राजेश के मुताबिक, देर रात तक सार्वजनिक टॉयलेट उपलब्ध रहने से कनॉट प्लेस आने वाले पर्यटकों, राहगीरों और लंबे समय तक यहां रुकने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी.
इन 11 जगहों पर आधी रात तक खुले रहेंगे टॉयलेट
पश्चिमी दिल्ली से परिवार के साथ कनॉट प्लेस पहुंचे दीपक ने NDMC के फैसले को जरूरी कदम बताया. उनका कहना था कि कई बार रेस्टोरेंट या खाने-पीने की जगहों पर टॉयलेट की सुविधा मिल जाती है, लेकिन पार्क या दूसरे हिस्सों में घूमने के दौरान सार्वजनिक शौचालय बंद मिलने से दिक्कत होती थी. उन्होंने कहा कि पुरुष किसी तरह खुले में जगह तलाश लेते हैं, लेकिन महिलाओं के लिए ऐसी स्थिति ज्यादा मुश्किल होती है. ऐसे में देर रात तक सार्वजनिक शौचालय खुले रहने से परिवार के साथ कनॉट प्लेस आने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी.
NDMC की ओर से जिन 11 सार्वजनिक शौचालयों को मध्यरात्रि तक खोलने की व्यवस्था की गई है, उनमें एसबीएस मार्ग आउटर सर्किल, ईएसएस के पास आउटर सर्किल, मिडिल सर्किल ए-ब्लॉक आरआर-2 के पास, मिडिल सर्किल के-ब्लॉक में आरआर-4 और आरआर-5 के बीच, मिडिल सर्किल ई-ब्लॉक में आरआर-7 और सेंट्रल पार्क के बीच, डी-ब्लॉक के सामने इनर सर्किल, सेंट्रल पार्क में एफ-ब्लॉक के सामने, सुपर बाजार पार्किंग के पास, ईसीई हाउस आउटर सर्किल, मिडिल सर्किल एफ-ब्लॉक आरआर-1 के पास और पंचकुइयां रोड-चेल्म्सफोर्ड रोड आउटर सर्किल स्थित टॉयलेट शामिल हैं.
आगे और टॉयलेट्स की बढ़ सकती है टाइमिंग
NDMC के मुताबिक, यह सुविधा फिलहाल पहले चरण में 11 सार्वजनिक शौचालयों तक सीमित है. लोगों की जरूरत और प्रतिक्रिया के आधार पर अन्य टॉयलेट्स को भी देर रात तक खोलने पर विचार किया जाएगा. परिषद का उद्देश्य है कि कनॉट प्लेस में रात के समय आने वाले लोगों को जरूरी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और खुले में शौच जैसी स्थिति से भी बचा जा सके.
दिल्ली में बारिश से जलभराव, आज भी बरसेंगे बादल, जानें अपडेट
