शनिवार (05 सितंबर) को 2026 महिला एशिया कप का 9वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया. दुबई के दबई इंटरनेशनल मैदान पर हुए मैच में टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत हासिल की. वहीं मुकाबले में गौर करने वाली बात रही दोनों टीमों की खिलाड़ियों का हाथ नहीं मिलाना. भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों (पुरुष और महिला दोनों) के बीच बीते 8 मैचों से यह सिलसिला देखने को मिल रहा है.
मई 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने का रिवाज खत्म कर दिया. इस सिलसिले की शुरुआत 2025 पुरुष एशिया कप से हुई थी. टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच 3 मैच खेले गए थे. तीनों ही मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था.
बता दें कि किसी भी अंतर्राष्ट्रीय मैच में दो बार हैंडशेक होता है. सबसे पहले टॉस के बाद दोनों टीम के कप्तान हाथ मिलाते हैं. फिर मैच खत्म होने पर दोनों टीमों के सभी खिलाड़ी एक दूसरे से हैंडशेक करते हैं.
यह भी पढ़ें: CPL 2026 में बना बड़ा रिकॉर्ड, एक सीजन में लगे सबसे ज्यादा शतक
दुबई में हुए महिला एशिया कप में टॉस के वक्त भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हाथ नहीं मिलाया. मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ी विरोधी टीम से बगैर हाथ मिलाए ही अंदर ड्रेसिंग रूम में चले गए.
किन-किन मैचों में भारत-पाक खिलाड़ियों के बीच नहीं हुआ हैंडशेक
एशिया कप में 3 मैच
महिला विश्व कप में 1 मैच
अंडर-19 विश्व कप में 1 मैच
टी20 वर्ल्ड कप में 1 मैच
महिला टी20 वर्ल्ड कप में 1 मैच
महिला एशिया कप में 1 मैच (आज)
भारत ने इस तरह जीता मैच
दुबई में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम का यह फैसला उनके लिए बिल्कुल भी ठीक साबित नहीं हुआ. पहले बैटिंग करने वाली पाकिस्तान 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई. इस पारी में टीम इंडिया के लिए श्री चरणी और प्रेमा रावत ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए. चेज के लिए उतरी टीम इंडिया ने सिर्फ 8.4 ओवर में 3 विकेट पर जीत हासिल कर ली. भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18* रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. इस दौरान पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना ने 3 विकेट लिए.
यह भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर का PAK के खिलाफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, 150वां टी20 खेलने वाली बनी पहली कप्तान
