उत्तर प्रदेश के महोबा में शहर कोतवाली क्षेत्र में एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने हिट एंड रन की वारदात कर हड़कंप मचा दिया. कानपुर-सागर हाईवे पर नवीन बस स्टैंड से पठा तिराहा तक स्कॉर्पियो चालक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी. घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. इस हिट एंड रन की घटना में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. भागते हुए आरोपी ड्राइवर को गुस्साई भीड़ ने पकड़कर जमकर धुना, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया. फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है.
500 मीटर तक मच गया कोहराम
शहर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे पर करीब 500 मीटर के दायरे में इस वाहन ने जो मंजर पैदा किया, उसे देखकर हर कोई सहम गया. नवीन प्राइवेट बस स्टैंड से शुरू हुआ यह रफ्तार का कहर पठा तिराहे तक जारी रहा. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चालक ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पर से अपना नियंत्रण खो दिया था. सबसे पहले स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार रामसेवक साहू को पीछे से जोरदार टक्कर मारी.
घायल रामसेवक का कहना है कि आरोपी बस स्टैंड से ही सबको रौंदता हुआ आ रहा था. स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन इस हड़बड़ाहट में उसने रास्ते में जा रहे दो ई-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया. सवारियों से भरे ई-रिक्शा पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई.
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत-बचाव
स्थानीय दुकानदार मत्थी और अन्य राहगीरों ने तुरंत दौड़कर ई-रिक्शा को सीधा किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला. हादसे में उन्नाव से आए विजय और उनकी पत्नी सहित कुल 10 लोग लहूलुहान हो गए. गुस्साई भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे स्कॉर्पियो चालक को पठा तिराहे के पास दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया. सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
महिला की हालत नाजुक-रेफर
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर यतेंद्र पुरवार ने बताया कि अस्पताल में 10 घायल लाए गए हैं. इनमें से 55 वर्षीय महिला मिढीया की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. घायलों में उन्नाव, नारुपुरा,मौदहा और शेखू नगर के निवासी शामिल हैं.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. हाईवे पर हुई इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार के जुनून और ट्रैफिक सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
