नवरात्रि के पावन पर्व पर देशभर में अलग-अलग जगहों पर मां दुर्गा के पंडाल लगते हैं और लोग खुशी से गरबा खेलते हैं और माता की पूजा करते हैं. हर साल ही गरबा कार्यक्रम से पहले एक मुद्दा उठता है कि मुसलमानों को इन आयोजनों में एंट्री मिलेगी कि नहीं. इसी के साथ एक सांस्कृतिक और प्यार बांटने वाला त्योहार राजनीति की भेंट चढ़ जाता है. इस साल भी ऐसा ही कुछ हो रहा है. महाराष्ट्र में बीजेपी के मंत्री नितेश राणे ने हमेशा की तरह यह बयान दे दिया है कि मुसलमानों को गरबा में प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए. हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने नितेश राणे के खिलाफ बयान दिया जो चर्चा का विषय बन गया है. इस बीच अब उद्धव ठाकरे गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है.
संजय राउत का कहना है कि अगर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश में जाकर मस्जिदों में जाते हैं, वहां के इस्लामिक राज्य प्रमुखों के गले लगते हैं, उन्हें अपना भाई बताते हैं, तो भारत के मुसलमान हमारे भाई क्यों नहीं हुए? संजय राउत ने सवालिया लहजे में कहा, “सऊदी अरब के युवराज को पीएम मोदी को बलते हैं न माई ब्रदर? तो भारत में भी हमारे ब्रदर्स हैं. उन ब्रदर्स को खुशियों में शामिल करने से क्यों रोकना चाहिए? सऊदी में ब्रदर्स हैं और भारत में दुश्मन, ये कैसे चलेगा?”
यह भी पढ़ें: गरबा: मुसलमानों की एंट्री बैन को राणे का समर्थन, CM की पत्नी क्या बोलीं?
‘मुसलमान भी ले सकते हैं गरबा का आनंद’- अमृता फडणवीस
इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी नितेश राणे से असहमति जताते हुए कहा था कि मुसलमान अगर गरबा उत्सव में शामिल होते हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है. हिंदुओं के त्योहार सबको साथ लेकर चलने वाले उत्सव होते हैं.
अमृता फडणवीस ने कहा था कि एक अच्छे समाज के लिए यह जरूरी है कि त्योहार मनाए जाएं. इसी के साथ यह भी जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर दूसरों का भी ध्यान रखा जाए. हमारे उत्सव से कोई दूसरा व्यक्ति परेशान न हो, नियमों का पालन हो, लोगों में श्रद्धा का भाव हो, यह जरूरी है.
VHP की मांग का नितेश राणे ने किया था समर्थन
दरअसल, गरबा आयोजन से पहले विश्व हिंदू परिषद की ओर से मांग की गई थी कि हिंदुओं के आयोजन में मुसलमानों को प्रवेश न दिया जाए. वीएचपी की इस अपील का समर्थन नितेश राणे ने किया था.
यह भी पढ़ें: गणेशोत्सव पर भक्तों को राहत, कोंकण के रास्ते में नहीं लगेगा टोल
