- लखनऊ से दम्माम जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम धमकी मिली।
- अहमदाबाद में सुरक्षित उतारा गया विमान, जांच में संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
- यात्रियों के हैंडराइटिंग सैंपल लिए जा रहे, धमकी फर्जी लग रही।
- दस दिन पहले भी अहमदाबाद हवाई अड्डे पर ऐसी घटना हुई थी।
लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट 6E 97 में बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. इस फ्लाइट में कुल 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे. विमान ने लखनऊ से गुरुवार (10 सितंबर, 2026) को शाम 4:17 बजे उड़ान भरी और इसे शाम 5:43 बजे अहमदाबाद में सुरक्षित उतारा गया.
अब तक जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध सामान
दरअसल, फ्लाइट के अंदर एक क्रू मेंबर को कागज का एक टुकड़ा मिला, जिस पर ‘BOMB’ लिखा था. इसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई. सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर टर्मिनल-2 में ले जाया गया.
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा के अधिकारियों के साथ-साथ, बॉम्ब स्क्वॉड, SOG, स्थानीय पुलिस और CISF ने विमान की पूरी जांच शुरू की. हालांकि, गहन जांच के बावजूद, अभी तक विमान में कोई संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला है.
यात्रियों से लिए जा रहे हैंडराइटिंग सैंपल्स
विमान की जांच के बाद जब सुरक्षा एजेंसियों को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, तो इसके बाद उन्होंने विमान में बैठे सभी यात्रियों से टिशु पेपर पर उनके हैंडराइटिंग सैंपल्स लिए इकट्ठा करना शुरू किया, ताकि उनकी हैंडराइटिंग का मिलान, बरामद कागज पर लिखे BOMB मैसेज से की जा सके.
10 दिन पहले भी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हुई ऐसी घटना
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कुछ ही दिनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है. इससे पहले 31 अगस्त, 2026 को दम्माम से नई दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की भी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी. उस विमान में कुल 32 यात्री सवार थे.
पिछली बार भी विमान के टॉयलेट में क्रू सदस्यों को एक टिश्यू पेपर पड़ा हुआ मिला था, जिस पर ‘BOMB’ लिखा हुआ था. हालांकि, सुरक्षा जांच के बाद बम की धमकी को फर्जी और झूठा करार दिया गया.
यह भी पढ़ेंः वंदे मातरम विवादः ‘छह अंतरे तभी गाए जाएंगे, जब…’, DKS सरकार का बड़ा फैसला
