दमन में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने एक अनोखा और चर्चा में आने वाला अभियान चलाया है. जहां महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी बड़ी एसयूवी के मालिकों को एक जगह एकत्रित कर के सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई. इस अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह कार्यक्रम दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव प्रशासन की ओर से आयोजित रोड सेफ्टी अभियान के तहत हुआ. 9 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में थार और फॉर्च्यूनर वाहन खुले मैदान में एक लाइन में नजर आए.
जिम्मेदारी दिखाना है जरूर
दमन के जिला कलेक्टर सौरभ मिश्रा ने इस दौरान एसयूवी मालिकों को संबोधित किया. उन्होंने साफ संदेश दिया कि थार जैसी गाड़ी सड़क पर ‘भाईगिरी’ या ‘रफ्फियानगिरी’ दिखाने के लिए नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसी गाड़ी चलाने वाले लोगों को जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए. कलेक्टर ने थार मालिकों से अनुरोध किया कि वे सड़क पर महिलाओं की मदद करें और दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता के लिए आगे आएं. उन्होंने यह संदेश सोशल मीडिया पर साझा करने और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा को टैग करने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें: ये रही देसी टेस्ला… ड्राइवर सो गया फिर भी चलती रही गाड़ी, वीडियो वायरल
तेज रफ्तार और स्टंट से दूर रहने की शपथ
अभियान में वाहन मालिकों और ड्राइवरों ने रोड सेफ्टी प्लेज लिया. इसमें ओवरस्पीडिंग, लापरवाही से वाहन चलाने, सड़क पर स्टंट, रेसिंग और ड्रिफ्टिंग से दूर रहने की बात कही गई. साथ ही यह संकल्प भी लिया गया कि वे दूसरों को भी इस तरह की गतिविधियां करने से रोकेंगें. वहीं तेज आवाज वाले साइलेंसर या गलत लाइट जैसे मॉडिफिकेशन न करना भी शामिल था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दमन प्रशासन के सूचना एवं प्रचार विभाग ने भी इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो में वाहन मालिक रोड सेफ्टी की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगी है. कुछ लोग इस पहल का समर्थन कर रहे हैं वहीं कुछ लोगों का कहना कि जिम्मेदार ड्राइविंग की शपथ केवल थार और फॉर्च्यूनर के मालिकों के लिए बल्कि सभी लोगों के लिए होनी चाहिए क्योंकि एक्सिडेंट तो किसी भी कार से हो सकते हैं. यह बात हर व्यक्ति के लिए जरूरी है. सेफ ड्राइविंग सभी के लिए महत्वपूर्ण है.
यह भी पढ़ें: बड़े ही खतरनाक लोग हैं… बाइक के आगे लगाया ट्रैक्टर का टायर, वीडियो वायरल
