एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना टूटने के बाद भारतीय वुशु खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी का एक बेहद भावुक वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिव्यांशी इतनी दुखी और परेशान नजर आ रही हैं कि वो अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए जिंदगी खत्म करने जैसी बात कहती सुनाई दे रही हैं. उन्होंने वीडियो में कहा कि यह उनका आखिरी वीडियो हो सकता है. दिव्यांशी राजस्थान के कोटा की रहने वाली है.
दिव्यांशी वीडियो में अपने दर्द को बयां करते हुए कहती हैं कि उन्होंने एशियन गेम्स के लिए लंबे समय तक मेहनत की थी. इस बड़े मंच पर देश के लिए खेलने का उनका सपना था, लेकिन एशियन गेम्स की टीम से बाहर होने की खबर ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया है. वीडियो में उनकी आवाज और चेहरे से निराशा साफ नजर आती है.
‘मां-पापा मुझे माफ करना’
सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाला पल तब आता है, जब दिव्यांशी अपने माता-पिता से माफी मांगती हैं. वो कहती हैं- ‘मां-पापा मुझे माफ करना… मैं मरने की बात कर रही हूं.’ इसके बाद वो अपनी जिंदगी को लेकर बेहद निराशा जाहिर करती हैं.
‘मां-पापा मुझे माफ करना… मैं मरने की बात कर रही हूं’,
एशियन गेम्स से बाहर हुईं दिव्यांशी का भावुक वीडियो pic.twitter.com/lbqkvpwBr3— Ankul Kaushik (@ankulkaushik) September 12, 2026
दिव्यांशी के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर भी लोगों को भावुक कर दिया है. जिस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए खेलने का सपना देखा था, उसी खिलाड़ी को अपने सपने के टूटने के बाद इस तरह टूटते हुए देखना हर किसी को परेशान कर रहा है.
दिव्यांशी ने वीडियो में और क्या कहा?
वीडियो में दिव्यांशी अपने मन की स्थिति खुलकर सामने रखती हैं. वो बताती हैं कि एशियन गेम्स में खेलने का मौका उनके लिए कितना मायने रखता था. इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी और उन्हें उम्मीद थी कि वो देश का प्रतिनिधित्व करेंगी, लेकिन अचानक टीम से बाहर होने के बाद उनकी सारी उम्मीदें टूट गईं. इसी दर्द और गुस्से के बीच उन्होंने यह भावुक वीडियो बनाया.
दिव्यांशी का यह वीडियो सिर्फ एक खिलाड़ी की निराशा नहीं, बल्कि उस मानसिक दबाव की तस्वीर भी दिखाता है, जो किसी बड़े सपने के अचानक टूटने के बाद पैदा हो सकता है. वीडियो में कही उनकी बातें अब लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही हैं.
क्यों बाहर हुईं दिव्यांशी?
बता दें कि एशियन गेम्स की शुरुआत 19 सितंबर से होनी है. इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान 23 जून को ही कर दिया गया था. कल यानी 11 सितंबर को अपडेट जारी कर दिव्यांशी चौधरी को बाहर कर दिया गया और उनकी जगह रोशिबीना देवी को शामिल किए जाने का ऐलान किया गया. एसोसिएशन की तरफ से दिव्यांशी के फिट नहीं होने की बात कही गई, जबकि दिव्यांशी इसे सिरे से नकार रही है. हालांकि, वीडियो जारी होने के बाद दिव्यांशी के बारे में कोई नई जानकारी नहीं मिल सकी है.
