चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स समिट 2026 में हिस्सा लेंगे. वे इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे. अहम बात यह है कि अब एक बार फिर भारत और चीन के रिश्ते ठीक होते नजर आ रहे हैं. जिनपिंग के भारत आने से पहले ही चीन से एक अहम जानकारी सामने आई है. भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट फिर से शुरू हो रही है. चाइन सदर्न एयरलाइन ने इसकी घोषणा की है. यह तीसरी एयरलाइन है जो कि भारत-चीन के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करेगी.
‘ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चाइन सदर्न एयरलाइंस 21 सितंबर से ग्वांगझू से नई दिल्ली की उड़ानों को फिर से शुरू करेगी. करीब छह साल के निलंबन के बाद भारत में चीन के बीच फ्लाइट शुरू हो रही है. कंपनी ने शनिवार को इसकी घोषणा की. चाइना ईस्टर्न एयरलाइन्स और एयर चाइना के बाद दोनों देशों के बीच सेवाएं बहाल करने वाली यह तीसरी प्रमुख चीनी एयरलाइन है.
फ्लाइट का क्या होगा शेड्यूल
चाइन सदर्न ने बताया कि इस रूट पर बोइंग 737 सीरीज के विमानों से हर दिन एक उड़ान संचालित की जाएगी. CZ359 ग्वांगझू इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर 3:35 बजे रवाना होगी और शाम 7 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी. वापसी की उड़ान CZ360 नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से रात 8:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन तड़के 4:15 बजे ग्वांगझू एयरपोर्ट पर लैंड करेगी.
पटरी पर लौटते भारत-चीन के रिश्ते
एयरलाइन का कहना है कि इस रूट के फिर से शुरू होने से भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही पर्यटकों और छात्रों के लिए यात्रा काफी आसान हो जाएगी. यह बहाली दोनों देशों के बीच सुधरते संबंधों के बीच हो रही है, और चीन तथा भारत की अन्य एयरलाइन्स भी भारत में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही हैं.
यह भी पढ़ें : ‘युद्ध नहीं बल्कि…’, पेजेशकियान से मिलकर क्या बोले मीरवाइज उमर फारूक
