Headlines

इस्लामाबाद में SCO की बैठक, किसने की भारत की अगुआई?


पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 14 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के रीजनल एंटी-टेररिस्ट स्ट्रक्चर (RATS) काउंसिल की पाकिस्तान की अध्यक्षता में 46वीं बैठक हुई. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके कहा कि बैठक में भारत, बेलारूस, ईरान, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ SCO RATS की कार्यकारी समिति के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.

इस्लामाबाद SCO में भारत का प्रतिनिधि कौन?

हालांकि बैठक के बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी की गई ग्रुप फोटो में पाकिस्तान में भारतीय चार्ज डी अफेयर्स डॉ सत्यांजल पांडे भारत के प्रतिनिधि के रूप में नजर आये. वहीं पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व और बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्रालय की काउंटर टेररिज्म यूनिट की महानिदेशक डॉ फरहा बुगती ने की. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने से जुड़े अंतरराष्ट्रीय एजेंडे के मौजूदा मुद्दों पर चर्चा हुई और SCO-RATS काउंसिल ने ईरान के खिलाफ हुए नए सैन्य हमलों की निंदा की और इस मुद्दे पर SCO की पहले व्यक्त की गई स्थिति को दोहराया.

आतंकवाद समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक बैठक में आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने के लिए SCO सदस्य देशों की संबंधित एजेंसियों के बीच सहयोग और समन्वय से जुड़े पहले लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई. साथ ही आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद की चुनौतियों से निपटने से जुड़े अहम मुद्दों पर SCO RATS की कार्यकारी समिति और विशेषज्ञ समूहों की एक्शन प्लान को मंजूरी दी गई. साथ ही बैठक में सदस्य देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए सूचना ढांचे की स्थापना और उसके विकास से जुड़े फैसले भी लिए गए.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक बैठक में सभी सदस्य देशों के बीच 2027 में आतंकवाद से निपटने के लिए एक संयुक्त सूचना अभियान चलाने पर सहमति बनी साथ ही आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के लिए इंटरनेट के इस्तेमाल का मुकाबला करने को लेकर सेमिनार और SCO सदस्य देशों की संबंधित एजेंसियों का संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभ्यास आयोजित करने पर भी सहमति बनी.

कजाकिस्तान में होगी अगली बैठक

आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने के क्षेत्र में SCO सदस्य देशों और एक SCO पर्यवेक्षक देश के बीच सहयोग पर 13वीं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक और व्यावहारिक कॉन्फ्रेंस कजाकिस्तान में आयोजित की जाएगी साथ ही बैठक में SCO RATS की कार्यकारी समिति के कामकाज से जुड़े संगठनात्मक और स्टाफिंग मुद्दों पर भी चर्चा हुई. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने जानकरी दी कि बैठक के दौरान SCO RATS काउंसिल की अध्यक्षता पाकिस्तान से रूस को सौंप दी गई. साथ ही SCO RATS की अगली बैठक कार्यकारी समिति के परिसर ताशकंद में आयोजित करने पर सहमति बनी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *