जिंदगी जब एक के बाद एक झटके देती है तो अक्सर इंसान के मन में हार मानने या सब कुछ छोड़कर छिप जाने का ख्याल आता है. कोलकाता के रहने वाले 40 वर्षीय शोभन चक्रवर्ती ने हालात के आगे घुटने टेकने से साफ इनकार कर दिया. कभी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाले गए शोभन आज अपनी उसी जादुई आवाज के दम पर अपनी जिंदगी को दोबारा संवार रहे हैं और उनकी यह प्रेरणादायक कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
कोरोना महामारी में छूटा संगीत का काम
शोभन चक्रवर्ती एक पेशेवर और प्रशिक्षित ‘रवींद्र संगीत’ गायक हैं, जिन्हें तबला बजाने का भी अच्छा ज्ञान है. लॉकडाउन और महामारी से पहले उनके पास संगीत और पढ़ाई पढ़ने वाले कई छात्र थे. वह गरीब बच्चों को मुफ्त में भी पढ़ाते थे. लेकिन कोरोना के दौर में धीरे-धीरे उनके सभी स्टूडेंट्स छूट गए और कमाई का जरिया बंद हो गया.
नौकरी बचाने गए थे, लेकिन गाना गाने पर मिली बर्खास्तगी
आर्थिक तंगी से मजबूर होकर शोभन ने साल 2023 में एक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर ली. लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था. इस साल जुलाई में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह अपनी ड्यूटी के दौरान ‘रवींद्र संगीत’ गाते नजर आ रहे थे. वीडियो वायरल होते ही कंपनी ने उन्हें गार्ड की नौकरी से निकाल दिया. कुछ ही साल के भीतर पहले ट्यूशन छूटी और फिर गार्ड की नौकरी भी चली गई.
जिस आवाज ने छीनी नौकरी, वही बनी सहारा
नौकरी जाने के बाद शोभन की आपबीती और उनका गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोगों ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और इंटरनेट पर उनके सपोर्ट में आ खड़े हुए. अब वही सुरीली आवाज, जिसकी वजह से उन्हें नौकरी से निकाला गया था, उन्हें एक नई पहचान और काम दिला रही है.
यह भी पढ़ें: आंख में मिर्ची झोंककर बैंक लूट ले गया लुटेरा, CCTV फुटेज वायरल
सोशल मीडिया पर लोगों का मिला जबरदस्त प्यार
एक इंटरव्यू में अपनी कहानी साझा करते हुए शोभन ने बताया कि भले ही उनके जीवन में कठिन समय आया, लेकिन उन्होंने उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा. आज लोग उनके टैलेंट की सराहना कर रहे हैं और उन्हें गाने के मौके मिल रहे हैं. शोभन की यह कहानी साबित करती है कि अगर आपके पास टैलेंट और धैर्य है, तो कोई भी मुश्किल आपको ज्यादा देर तक रोक नहीं सकती.
यह भी पढ़ें: 60 साल के दादा जी ने ट्रेन पर लटककर किया स्टंट, फटी रह गईं यूजर्स की आंखें
