शादी-ब्याह में नोटों की माला पहनाने का रिवाज तो पुराना है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक ऐसी अनोखी और शाही शादी का वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे इंटरनेट को हैरान कर दिया है. मथुरा के सुरीर क्षेत्र में हुई इस शादी में एक जीजा ने अपने दोनों सालों के प्रति ऐसा प्यार लुटाया कि हर कोई देखता रह गया. जीजा ने शादी के मौके पर दोनों दूल्हों (सालों) को 1-1 करोड़ रुपये के नोटों से बनी विशालकाय माला पहनाई.
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों दूल्हे घर की छत पर खड़े हैं और उनके गले में नोटों की इतनी लंबी और भारी-भरकम मालाएं पड़ी हुई हैं कि उनकी लंबाई छत से नीचे उतरकर घर के आंगन से होते हुए बाहर तक जा रही है. कई मीटर लंबी इन नोटों की मालाओं को देखकर वहां मौजूद बाराती और गांव के लोग भी दंग रह गए.
छत से आंगन तक बिछी नोटों की चादर, देखने को जुटी भीड़
बताया जा रहा है कि जब जीजा ने अपने दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपये की माला पहनाई, तो इस नजारे को देखने के लिए आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. कई लोग छत से लेकर आंगन तक फैली इन मालाओं को संभालते नजर आए, तो वहीं मेहमान अपने मोबाइल फोन में इस अनोखे पल का वीडियो बनाने से खुद को रोक नहीं पाए. हालांकि एबीपी लाइव वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, खबर केवल वायरल वीडियो में हो रहे दावों के आधार पर लिखी गई है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे, बोले- जीजा हो तो ऐसा
इंटरनेट पर यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है और यूजर्स कमेंट सेक्शन में जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा, “भाई जीजा जी हों तो ऐसे! वरना आजकल तो लोग शादी में शगुन का लिफाफा देने में भी सोचते हैं.” दूसरे यूजर ने हैरानी जताते हुए कमेंट किया, “छत से लेकर आंगन तक सिर्फ नोट ही नोट दिख रहे हैं, इतनी लंबी माला तो पहली बार देखी है.” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “लगता है जीजा जी ने सालों की शादी को जिंदगी भर के लिए यादगार बना दिया, पूरे इलाके में इसी की चर्चा हो रही है.”
यह भी पढ़ें: Newborn Baby Viral Video: औलाद को पहली बार गोद में लेते ही कांपे बाप के हाथ, वायरल हो गया वीडियो
